
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को नरयावली, सागर में विकास कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि ‘माताओं-बहनों को विधानसभाओं व लोकसभा में आरक्षण दिलवाने के लिए हमारी सरकार लड़ाई लड़ रही है। पीएम नरेंद्र मोदी ने सबको साथ लेकर चलने के लिएअपील की थी कुछ राजनैतिक दलों को बहनों को उनका अधिकार देने में जरा भी दया नहीं आई। माताएं-बहनें सब कुछ भूल सकती हैं, पर अपना अपमान कभी नहीं। उन्होंने अपील है कि मौका मिलने पर हिसाब जरूर चुकता करना है।’
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार लाड़ली बहना योजना के माध्यम से बहनों को हर महीने 1500 रुपए की सौगात दे रही है। प्रदेश के 17 जिलों में महिला कलेक्टर हैं। प्रदेश के 10 से अधिक जिलों में महिला अधिकारी एसपी हैं और कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। सागर जिले में सांसद, महापौर भी महिलाएं हैं। प्रदेश भर में प्रमुख पदों पर महिलाओं को जिम्मेदारी दी जा रही है, लेकिन कई राजनैतिक दलों को नहीं सुहाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा संकल्प है कि आज नहीं तो कल प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में इन बहनों को विधानसभा और लोकसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण दिलवा कर रहेंगे।
27 करोड़ रुपए से बने सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण किया
मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए। नरयावली में 27 करोड़ रुपए की लागत से बने सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि यह महज एक विद्यालय नहीं, हमारी 5 हजार साल पुरानी विरासत का प्रतीक है। उज्जैन के सांदीपनि आश्रम में शिक्षा ग्रहण करने वाले श्रीकृष्ण हमारे आदर्श हैं। मुख्यमंत्री ने नरयावली में 41 करोड़ 7 लाख रुपए की लागत से 36 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इसमें विभिन्न पंचायतों में बने 12 सीसी रोड शामिल हैं। क्षेत्र की जनता को नए सामुदायिक भवनों और आंगनवाड़ी भवनों की भी सौगात मिली। मुख्यमंत्री ने 17 करोड़ 39 लाख रुपए के 62 विकास कार्यों का भूमि-पूजन भी किया।
मुख्यमंत्री की ओर से की गई प्रमुख घोषणाएं
. कड़ान मध्यम सिंचाई परियोजना का पुनरीक्षण होगा, इससे क्षेत्र की लगभग 30 हजार एकड़ भूमि सिंचित होगी।
. मकरोनिया फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा।
. 24 करोड़ रुपए की लागत से बम्होरी तिराहे से नई 4 लेन सड़क बनाई जाएगी।
. लघु सिंचाई परियोजना, जलाशय सुधार कार्य, 25 करोड़ की लागत से दो नए पुल बनाए जाएंगे।
. औद्योगिक कौशल की जरूरतों के अनुसार जरुआखेड़ा आईटीआई में नए कोर्स शुरू किए जाएंगे।
. नगरपालिका कर्रापुर में विकास कार्यों के लिए आवश्यक राशि की घोषणा की गई।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

