बुधवार, 29 जुलाई 2026
Logo
Madhaya Pradesh

भोपाल मेट्रो को पीएम मोदी दिखाएंगे हरी झंडी? 13 दिसंबर से कमर्शियल रन की तैयारी, जानें पूरा कार्यक्रम और रूट

06 दिस, 20250 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
भोपाल मेट्रो को पीएम मोदी दिखाएंगे हरी झंडी? 13 दिसंबर से कमर्शियल रन की तैयारी, जानें पूरा कार्यक्रम और रूट

भोपाल मेट्रो को पीएम मोदी दिखाएंगे हरी झंडी? 13 दिसंबर से कमर्शियल रन की तैयारी, जानें पूरा कार्यक्रम और रूट

Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

भोपाल। कमिश्नर मेट्रो रेल सेफ्टी (CMRS) से हरी झंडी मिलते ही भोपाल मेट्रो के कमर्शियल रन की तैयारियां तेज हो गई हैं। अब सबकी निगाहें 13 दिसंबर पर टिकी हैं, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेट्रो को हरी झंडी दिखा सकते हैं। संभावना यह भी है कि वे वर्चुअली तरीके से लोकार्पण करें। हालांकि तारीख अभी फाइनल नहीं है, लेकिन प्रशासन और मेट्रो कॉरपोरेशन की सारी तैयारी 13 दिसंबर के हिसाब से ही चल रही है।


CMRS से मंजूरी, अब कमर्शियल रन की बारी

CMRS से आवश्यक स्वीकृति मिलने के बाद मेट्रो कॉरपोरेशन ने स्टेशन और ट्रैक से जुड़ी अंतिम तैयारियां तेज कर दी हैं। जिन स्टेशनों पर फिनिशिंग और अन्य काम बचे हैं, उन्हें अगले तीन दिन में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।


फिलहाल एक ही गेट से एंट्री-एग्जिट

शुरुआती चरण में हर स्टेशन पर सिर्फ एक गेट से ही यात्रियों की एंट्री और एग्जिट होगी। यानी यात्री स्टेशन के एक ही तरफ से अंदर-बाहर आ-जा सकेंगे। सुरक्षा कारणों से 10 दिसंबर से सभी स्टेशन बंद कर दिए जाएंगे।


VVIP मूवमेंट को लेकर कड़े इंतजाम

स्टेशन बंद रखने का फैसला वीआईपी-वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था के चलते किया गया है। सुभाषनगर मेट्रो स्टेशन को कार्यक्रम स्थल चुना गया है, क्योंकि वहीं डिपो है और सबसे ज्यादा स्पेस उपलब्ध है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की जा रही है।


पीएम आए तो बन सकते हैं पहले यात्री!

मेट्रो सूत्रों के अनुसार, यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भोपाल आकर मेट्रो का लोकार्पण करते हैं, तो वे भोपाल मेट्रो के पहले यात्री भी बन सकते हैं। इसी वजह से स्टेशनों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।


पहले भी यहीं से हुआ था निरीक्षण

अक्टूबर 2023 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और तीन महीने पहले वर्तमान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सुभाषनगर स्टेशन से ही मेट्रो में सफर कर निरीक्षण किया था।


लोकार्पण के दिन बंद रहेंगे सभी स्टेशन

जब भी मेट्रो का कमर्शियल रन होगा, सुभाषनगर स्टेशन को छोड़कर बाकी सभी स्टेशन बंद रखे जाएंगे। वीआईपी-वीवीआईपी के जाने के बाद आम लोगों के लिए स्टेशन खोले जाएंगे, ताकि वे भी मेट्रो की सवारी कर सकें।


6.22 किमी का प्रायोरिटी कॉरिडोर, 8 स्टेशन

ऑरेंज लाइन का प्रायोरिटी कॉरिडोर 6.22 किलोमीटर लंबा है। इसमें कुल 8 स्टेशन शामिल हैं— सुभाषनगर, केंद्रीय स्कूल, डीबी मॉल, एमपी नगर, रानी कमलापति, डीआरएम तिराहा, अलकापुरी और एम्स।


भोपाल से किया था इंदौर मेट्रो का वर्चुअल लोकार्पण

31 मई को प्रधानमंत्री मोदी ने भोपाल से ही इंदौर मेट्रो का वर्चुअली लोकार्पण किया था। उसी कार्यक्रम में उन्होंने भोपाल मेट्रो के लिए अक्टूबर में आने की बात कही थी। बिहार विधानसभा चुनाव के चलते अक्टूबर में कमर्शियल रन नहीं हो सका। नवंबर में CMRS टीम ने निरीक्षण किया और हाल ही में NOC दी, जिसके बाद कमर्शियल रन दिसंबर में तय हुआ।


टिकट पहले मैन्युअली मिलेगी

मेट्रो के शुरुआती रन में टिकट सिस्टम ऑनलाइन नहीं होगा। तुर्किए की कंपनी का ठेका मेट्रो कॉरपोरेशन ने कैंसिल कर दिया है। नई एजेंसी के आने तक टिकट मैन्युअली ही उपलब्ध कराए जाएंगे। इंदौर मेट्रो में भी इसी तरह का सिस्टम लागू है।


2018 से शुरू हुआ था सफर

भोपाल का पहला मेट्रो रूट एम्स से करोंद तक 16.05 किलोमीटर लंबा है। इसमें से एम्स से सुभाषनगर के बीच 6.22 किलोमीटर का प्रायोरिटी कॉरिडोर 2018 में शुरू हुआ था। पहले चरण में सुभाषनगर, केंद्रीय स्कूल, डीबी मॉल, एमपी नगर और रानी कमलापति स्टेशन तैयार हुए। इसके बाद रेलवे ट्रैक के ऊपर दो स्टील ब्रिज बनाए गए। आगे डीआरएम तिराहा, अलकापुरी और एम्स स्टेशनों का काम भी पूरा हो चुका है।


3 अक्टूबर 2023 को हुआ था पहला ट्रायल

भोपाल में मेट्रो पहली बार 3 अक्टूबर 2023 को पटरी पर दौड़ी थी, जब तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सुभाषनगर से रानी कमलापति स्टेशन तक मेट्रो में सफर किया था।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें