
भोपाल। महिला आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की भूमिका को लेकर राजधानी भोपाल में सियासी हमला तेज हो गया है। जागृत हिंदू मंच ने शीतलदास की बगिया में सद्बुद्धि यज्ञ आयोजित कर कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के नेताओं के लिए सद्बुद्धि की प्रार्थना की। इस दौरान मंच के संरक्षक एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. दुर्गेश केसवानी ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर तीखा निशाना साधते हुए उनके परिवारों में महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व का हवाला दिया।
राहुल गांधी के परिवार में 67% महिला प्रतिनिधित्व
डॉ. केसवानी ने कहा कि कांग्रेस की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के परिवार में उनकी माता सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी सांसद हैं। इस तरह परिवार के तीन प्रमुख राजनीतिक चेहरों में दो महिलाएं हैं, यानी 67 प्रतिशत महिला प्रतिनिधित्व।
अखिलेश यादव के परिवार में 50% हिस्सेदारी
वहीं, कांग्रेस के सहयोगी दल समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के परिवार में उनकी पत्नी डिंपल यादव सांसद हैं। परिवार के दो प्रमुख राजनीतिक चेहरों में एक महिला सांसद हैं, यानी 50 प्रतिशत महिला प्रतिनिधित्व।
33% आरक्षण पर विरोध क्यों?
डॉ. केसवानी ने सवाल उठाया कि जब राहुल गांधी के अपने परिवार में 67 प्रतिशत और अखिलेश यादव के परिवार में 50 प्रतिशत महिला राजनीतिक प्रतिनिधित्व है, तब देश की आधी आबादी को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने की बात पर विरोध क्यों? क्या महिला प्रतिनिधित्व का सिद्धांत केवल राजनीतिक परिवारों तक सीमित रहना चाहिए? क्या देश की सामान्य महिलाओं को भी राजनीति में आगे बढ़ने और सत्ता के निर्णयों में भागीदारी का अधिकार नहीं मिलना चाहिए?
राहुल-अखिलेश से सीधे सवाल
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव को इस सवाल का जवाब देना चाहिए कि अपने परिवार में महिलाओं को राजनीतिक अवसर देने में कोई परेशानी नहीं है, लेकिन जब देश की करोड़ों महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने की बात आती है, तो राजनीतिक विरोध क्यों सामने आता है?
मोदी सरकार की पहल पर जताया आभार
डॉ. केसवानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तीकरण को राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जोड़ने की पहल की गई है। महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का उद्देश्य उन्हें लोकतंत्र की निर्णय प्रक्रिया में उचित भागीदारी दिलाना है। ऐसे महत्वपूर्ण विषय पर राजनीति करने के बजाय सभी दलों को महिलाओं के अधिकारों के समर्थन में खड़ा होना चाहिए।
कांग्रेस को सद्बुद्धि देने किया यज्ञ
उन्होंने बताया कि जागृत हिंदू मंच की ओर से आयोजित सद्बुद्धि यज्ञ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही प्रार्थना की गई कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को महिला आरक्षण के मुद्दे पर सकारात्मक सोच अपनाने की सद्बुद्धि मिले।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

