नर्मदापुरम/भोपाल । भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने बुधवार को नर्मदापुरम जिला भाजपा कार्यालय में नर्मदापुरम व हरदा जिले के जिला पदाधिकारियों व मंडल अध्यक्षों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से हर पात्र व्यक्ति को लाभान्वित कराने में कार्यकर्ता सहयोग करें।
निर्वाचक नामावली गहन विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) मतदाता सूची के सटीक शुद्धिकरण के लिए किया जा रहा है। पार्टी के सभी कार्यकर्ता एसआईआर अभियान को प्राथमिकता से लें और मतदाताओं का सहयोग करें। बैठक को पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व संभाग प्रभारी कांतदेव सिंह एवं जिला अध्यक्ष प्रीति शुक्ला ने भी संबोधित किया। बैठक में जिले में चलाए गए आत्मनिर्भर अभियान, सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित रन फॉर यूनिटी’ एवं वंदे मातरम की 150वीं जयंती पर हुए कार्यक्रमों की भी जानकारी दी गई।
केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाएं
भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय मालवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा सभी समाज वर्गों के कल्याण के लिए अनेकों योजनाएं संचालित की जा रही है। इसी तरह से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा युवाओं, गरीबों, महिलाओं और किसानों के कल्याण के लिए भी कई योजनाएं चलाई जा रही है। भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर घर-घर लोगों से संपर्क कर उन्हें भाजपा सरकारों द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी पहुंचाएं और पात्र लोगों को लाभ दिलाएं। पार्टी पदाधिकारी प्रवास करें और छोटी-छोटी बैठकें कर लोगों को भाजपा सरकार के विकास कार्यों की जानकारी देकर बताएं कि किस प्रकार से भाजपा आम जन की जिंदगी बदलने के अभियान में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि एसआईआर को लेकर विपक्षी दलों द्वारा जनता को भ्रामक जानकारी देकर भ्रमित करने का कार्य भी किया जा रहा है। हमें जनता को यह बताना होगा कि एसआईआर किसी भी मतदाता का नाम काटने के लिए बिल्कुल नहीं है।
एसआईआर सिर्फ मतदाता सूची के सटीक शुद्धिकरण के लिए चलाया जाने वाला अभियान है। पार्टी के सभी कार्यकर्ता 4 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान में पूर्ण समर्पण के साथ जुट जाएं।
बैठक में पार्टी की प्रदेश मंत्री राजो मालवीय, विधायक डॉ. सीताशरण शर्मा, हरदा जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा, विधायक विजयपाल सिंह, ठाकुरदास नागवंशी, प्रेमशंकर वर्मा, पूर्व विधायक संजय शाह मंचासीन रहे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

