बुधवार, 14 अक्टूबर 2026
Logo
Madhaya Pradesh

केंद्र व राज्य सरकार की विकास योजनाओं के मूल्यांकन में अहम भूमिका निभाएंगे युवा: डॉ. मोहन यादव

14 अक्टू, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
केंद्र व राज्य सरकार की विकास योजनाओं के मूल्यांकन में अहम भूमिका निभाएंगे युवा: डॉ. मोहन यादव
Hitesh Kumar Singh
डेस्क रिपोर्टर
Hitesh Kumar Singh

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार वर्ष 2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाएगी। इसमें युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। युवा केंद्र और राज्य की योजनाओं व शासन-प्रशासन की इकाईयों की ओर से उनके क्रियान्वयन का प्रभावी मूल्यांकन सुनिश्चित करेंगे। इससे क्रियान्वयन की कमजोरियों को चिन्हित कर उनमें आवश्यक सुधार करने में मदद मिलेगी।


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान में सीएम फेलोज के पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर ग्लोबल विलेज फाउंडेशन और सुशासन संस्थान के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर भी हुए।


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री यंग प्रोफेशनल्स फॉर डेवलपमेंट प्रोग्राम के तहत चयनित सीएम फेलोज से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और उनके मूल्यांकन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 55 जिलों से चयनित युवा प्रदेश के विकास और जनकल्याण को नई दिशा देने में योगदान देंगे।


कार्यक्रम में लोकसेवा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई, युवा आयोग के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और प्रदेशभर से आए युवा उपस्थित रहे।


युवा अपनी जिम्मेदारी को नौकरी तक सीमित न रखें

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास और जनकल्याण के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने युवाओं से जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करने और शासन की व्यवस्थाओं में जनभागीदारी का बारीकी से आकलन करने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा अपनी जिम्मेदारी को केवल नौकरी तक सीमित न रखें, बल्कि प्रदेश की बेहतरी और सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कार्य करें।


2027 युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2027 युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान युवाओं के लिए सालभर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने युवाओं को आत्मविश्वास, विनम्रता और बेहतर संवाद शैली अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि वे वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिलकर जमीनी स्तर पर काम करें। समय प्रबंधन, नवाचार और परिस्थितियों के अनुरूप स्वयं को ढालने की क्षमता सफलता के लिए जरूरी है।


प्रशिक्षण में सीखेंगे प्रशासनिक कार्यप्रणाली

सुशासन संस्थान के उपाध्यक्ष प्रो. राजीव दीक्षित ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में सीएम फेलोज को डेटा विश्लेषण, जिला स्तरीय प्रशासनिक संरचना और कार्यप्रणाली की जानकारी दी जा रही है। विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी युवाओं को जमीनी स्तर पर प्रशासनिक कामकाज की बारीकियां समझा रहे हैं।



पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें