
रायपुर। नवा रायपुर अटल नगर में 32वें अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन का बुधवार को भव्य शुभारंभ हुआ। करीब 11 वर्ष बाद छत्तीसगढ़ को इस राष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी का अवसर मिला है। राज्यपाल रमेन डेका ने दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने ‘छत्तीpसगढ़ लोकल बॉडी इलेक्शन ईयर बुक –2026’ के प्रथम संस्करण का विमोचन किया। यह प्रकाशन राज्य में स्थानीय निकाय निर्वाचन की प्रक्रिया, उपलब्धियों, नवाचारों और चुनावी व्यवस्थाओं का दस्तावेज है। उद्घाटन सत्र में राज्यपाल रमेन डेका ने स्थानीय निकायों और त्रिस्तरीय पंचायतों के चुनाव को अधिक पारदर्शी, समावेशी, सशक्त और तकनीक-सक्षम बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में स्थानीय स्वशासी संस्थाओं की अहम भूमिका है और निर्वाचन प्रक्रिया में निरंतर सुधार के साथ आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग जरूरी है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने देशभर से आए राज्य निर्वाचन आयुक्तों, वरिष्ठ अधिकारियों और निर्वाचन विशेषज्ञों का स्वागत किया। मुख्य सचिव विकास शील ने स्थानीय स्वशासन को मजबूत करने तथा प्रशासन और निर्वाचन संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर विचार रखे।
चुनावी प्रक्रियाओं को अधिक सुगम बनाने पर चर्चा
दो दिवसीय सम्मेलन में स्थानीय निकाय एवं पंचायत चुनावों से जुड़े समसामयिक मुद्दों, डिजिटल तकनीक, निर्वाचन प्रबंधन में नवाचार, पारदर्शिता और चुनावी प्रक्रियाओं को अधिक सुगम बनाने पर चर्चा हो रही है। कार्यक्रम में राज्य निर्वाचन आयुक्तों की स्थायी समिति के अध्यक्ष विजय देव और संयोजक सुधांशु पांडे सहित आयोग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
17 को राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय में स्टैंडिंग कमिटी की बैठक
17 सितंबर को राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय में स्टैंडिंग कमिटी की बैठक होगी। इसके बाद नवा रायपुर के निर्माण एवं विकास पर प्रस्तुतीकरण और प्रमुख स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। प्रतिनिधि छत्तीसगढ़ विधानसभा, छत्तीसगढ़ आदिवासी संग्रहालय और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संग्रहालय का भी दौरा करेंगे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

