
भोपाल। एशियन गेम्स 2026 से पहले भारतीय निशानेबाजी टीम का अंतिम तैयारी शिविर शनिवार से भोपाल स्थित मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी में शुरू होगा। 5 से 14 सितंबर तक चलने वाले इस शिविर में 9 पुरुष और 9 महिला समेत 18 शीर्ष निशानेबाज हिस्सा लेंगे। शिविर के बाद टीम एशियन गेम्स के लिए रवाना होगी।
दल में मनु भाकर, ईशा सिंह, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, इलावेनिल वालारिवन, रुद्राक्ष पाटिल, तिलोत्तमा सेन और राही सरनोबत जैसे प्रमुख निशानेबाज शामिल हैं। पुरुष वर्ग में पार्थ राकेश माने, हिमांशु ढिल्लों, नीरज कुमार, केदारलिंग बालकृष्ण उचागवने, कमलजीत, आकाश भारद्वाज और अनीश भी प्रशिक्षण लेंगे। महिला वर्ग में सोनम उत्तम मस्कर, विदार्सा के. विनोद, आषी चौकसे और सुरुचि भी टीम का हिस्सा हैं।
तकनीक के साथ फिटनेस-मानसिक मजबूती पर जोर
अंतिम शिविर में खिलाड़ियों की तकनीकी तैयारियों के साथ फिटनेस, रिकवरी और मानसिक मजबूती पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। राइफल और पिस्टल वर्ग के विशेषज्ञ कोच खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देंगे। थॉमस फार्निक राइफल और जलेना अरुनोविक पिस्टल टीम की जिम्मेदारी संभालेंगी। समरेश जंग, विद्या जाधव, हरप्रीत सिंह, डीएस चंदेल, पूजा घाटकर, मनोज कुमार और सतगुरुदास भी कोचिंग स्टाफ में शामिल हैं। टीम के साथ हाई परफॉर्मेंस डायरेक्टर डॉ. पियरे ब्यूचैंप और हाई परफॉर्मेंस मैनेजर रौनक पंडित समेत फिजियोथेरेपिस्ट, स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग ट्रेनर और स्पोर्ट्स साइकोलॉजिस्ट भी मौजूद रहेंगे।
अत्याधुनिक सुविधाओं में होगी तैयारी
शिविर के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग, मध्यप्रदेश ने राज्य शूटिंग अकादमी की अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। खिलाड़ियों को 10, 25 और 50 मीटर शूटिंग रेंज के साथ फाइनल रेंज और जिम की सुविधा मिलेगी। एक ही परिसर में उपलब्ध इन सुविधाओं से टीम को एशियन गेम्स से पहले तकनीक और प्रदर्शन को अंतिम रूप देने का मौका मिलेगा। एशियन गेम्स की तैयारियों के तहत भारतीय निशानेबाजी टीम का 14 से 25 अगस्त तक भी भोपाल में विशेष शिविर आयोजित किया गया था। अब प्रतियोगिता से ठीक पहले होने वाला यह शिविर टीम का अंतिम पड़ाव है। 14 सितंबर को शिविर समाप्त होने के बाद भारतीय निशानेबाज एशियन गेम्स में पदक के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेंगे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

