मंगलवार, 28 अप्रैल 2026
Logo
National

प्रधानमंत्री चला रहे 'ऑपरेशन गंगा' अखिलेश यादव चला रहे 'ऑपरेशन दंगा', सपा की साइकिल में लगा है भ्रष्टाचार का पहिया : सीएम शिवराज

अभी-अभी0 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
प्रधानमंत्री चला रहे 'ऑपरेशन गंगा' अखिलेश यादव चला रहे 'ऑपरेशन दंगा', सपा की साइकिल में लगा है भ्रष्टाचार का पहिया : सीएम शिवराज

प्रधानमंत्री चला रहे 'ऑपरेशन गंगा' अखिलेश यादव चला रहे 'ऑपरेशन दंगा', सपा की साइकिल में लगा है भ्रष्टाचार का पहिया : सीएम शिवराज

News World Desk
डेस्क रिपोर्टर
News World Desk
लखनऊ, न्यूज़ वर्ल्ड डेस्क। उत्तर प्रदेश में पांच चरण का मतदान हो गया, वहीं अभी दो चरण का मतदान बाकी है। छठवें चरण का मतदान 3 मार्च को होगा। इससे पहले सभी राजनीतिक दल प्रचार प्रसार में अपनी सारी ताकत झोंक रहे हैं। इसी क्रम में आज मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और उत्तर प्रदेश बीजेपी के स्टार प्रचारक शिवराज सिंह चौहान ने 3 विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित किया। आज उन्होंने जखनिया, मुंगराबादशाहपुर और जफराबाद विधानसभाओं में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में 3 जनसभाओं को संबोधित कर सपा सरकार के भ्रष्टाचार, भय, आतंक और डर से भरे कार्यकाल को याद कराया तो वहीं भाजपा की योगी सरकार में 5 वर्षों में हुए विकास कार्यों को अनवरत जारी रखने जनता से भारतीय जनता पार्टी को विजयी बनाने का संकल्प दिलाया। 

सपा की साइकिल में भ्रष्टाचार का पहिया लगा है
मुख्यमंत्री ने इस दौरान सपा और अखिलेश यादव पर जम कर निशाना साधा। विधानसभा जखनिया, गाजीपुर में बीजेपी द्वारा आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, सपा की साइकिल में भ्रष्टाचार का पहिया लगा है और पैडल कमीशन का लगा है। उन्होंने कहा, सपा की ये साइकिल माफिया चलाते हैं। अगर कोरोना काल में सपा की सरकार होती तो, जनता तबाह और बर्बाद हो जाती। 
 

बदमाश जेल से बाहर निकलने में डरते है
सपा सरकार में हुए दंगो को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि, अखिलेश यादव के राज में यूपी में 700 से ज्यादा दंगे हुए थे। महिलाएं बेज्जत की जाती थीं, संपत्तियों पर अवैध कब्जे होते थे, लेकिन योगी आदित्यनाथ के शासन में गुंडे बदमाश जेल से भी निकलने को तैयार नहीं, वो डरते हैं कि बाहर बुलडोजर (योगी आदित्यनाथ) है। आज माफिया मुंह छुपाते फिर रहें हैं उन्हें डर है की बुल्डोजर बाबा आ जायेगा। जब अखिलेश की सरकार होती थी तब जनता तबाह और बर्बाद होती थी, सरेआम लोग अपमानित किया जाते थे अगर सम्मान की जिंदगी किसी ने दी है तो, योगी आदित्यनाथ ने दी है। 

सपा राज में गुंडे और मवाली फलते-फूलते थे
मुख्यमंत्री ने सपा पर तंज कसते हुए कहा : 
राम की चिरैया, राम का ही खेत, 
खाओ री चिरैया,भर-भर पेट।
सपा के राज में उत्तर प्रदेश में गुंडे और मवाली फलते-फूलते थे, लेकिन जबसे योगी आदित्यनाथ आये हैं, बाबा ने ऐसा बुलडोजर चलाया है कि सभी माफिया और गुंडे जमींदोज हो गए हैं।

मोदी और योगी ने दिया निशुल्क राशन
मुख्यमंत्री ने कहा, कोरोना काल में मोदी जी और योगी जी ने गरीबों को नि:शुल्क राशन देने का काम किया। गरीबों को पक्के मकान बनाकर दे रहे हैं, सपा ने कभी गरीबों की चिंता नहीं की। योगी आदित्यनाथ जी गुंडे, माफियाओं पर बुलडोजर चलवाते हैं और यदि सपा व बसपा का राज आया, तो अराजकता का राज होगा।
 

अखिलेश है औरंगजेब
मुख्यमंत्री ने कहा कि, अखिलेश यादव तो आज के औरंगजेब हैं। उन्होंने सत्ता के लिए अपने पिता को ही कमरे में बंद कर दिया, यह मैं नहीं कहता, उनके पिता मुलायम सिंह ही कहते हैं। शिवराज ने कहा जो अपने बाप का नहीं हुआ, वो आपका क्या होगा। उन्होंने कहा, बीजेपी अकेला ऐसा दल है, जहां चाय बेचने वाले नरेंद्र मोदी जी, शिक्षक के बेटे अटल बिहारी वाजपेयी जी प्रधानमंत्री बन सकते हैं, सामान्य परिवार के योगी आदित्यनाथ जी यूपी के मुख्यमंत्री और मैं किसान का बेटा चौथी बार सीएम बना। सीएम शिवराज ने कहा, हम बाहुबलियों को टिकट नहीं देते, आम आदमी को टिकट देते हैं। भाजपा के राज में जनता खुशहाल है, भय और डर अब अपराधियों में है, भाजपा की सरकार और योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश की धरती पर रामराज्य लेकर आए हैं।

मोदी जी ने सबको सुरक्षा कवच दिया
सीएम शिवराज ने कहा की आज दुनिया में चारों ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम का डंका बज रहा है। मोदी के नेतृत्व में ऐसे भारत का निर्माण हुआ है, जिसके बिना दुनिया नहीं चल सकती। उन्होंने कहा, नरेंद्र मोदी एक सेवियर हैं। सेवियर मतलब "सभी की रक्षा करने वाला, जब रूस की सेनाएं यूक्रेन में घुसी और भारतीय संकट में आए तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने तय किया की हर भारतीयों को सुरक्षित निकाल कर लाएंगे।

दुष्टों के विनाश के लिए मोदी भारत भूमि पर आए
कोरोना के कठिन काल में जब रोज़ी-रोटी बंद हो गई, तो प्रधानमंत्री जी ने सभी गरीबों को मुफ़्त राशन दिया। मोदी जी के नेतृत्व में विश्व का सबसे बड़ा वैक्सीनेशन अभियान चलाया गया,जिससे तीसरी लहर में कोई नुकसान नहीं हो पाया। मोदी जी ने सम्पूर्ण भारतवासियों को वैक्सीन का कवच दिया। आज गरीब अगर सुरक्षित है, तो उसका श्रेय नरेंद्र मोदी जी को जाता है उन्होंने कहा की आज मुझे लगता है नरेंद्र मोदी जी अगर भारत भूमि पर आए हैं तो, दुष्टों के विनाश के लिए और जनता के उद्धार के लिए आए हैं।

अखिलेश नहीं दंगेश है
उन्होंने कहा की जब सपा की सरकार थी तब क्या हालत थे, ये अखिलेश नही, सचमुच में दंगेश है । इनके राज में यूपी में चारों तरफ भय और आतंक का राज था, सपाई ही दंगाई हैं और दंगाई ही सपाई हैं। अखिलेश के राज में  माफिया दनदनाते घूमते थे, मर्डर हो जाते थे, लोगों की संपत्ति हड़प ली जाती थी, माताओं बहनों को बेज्जत किया जाता था सरेआम बलात्कार हो जाता थे और सपा की सरकार उन्हीं माफियाओं को संरक्षण देने का काम करती थी। मुख्यमंत्री ने कहा, आजम खान, अंसारी जैसे अपराधी उत्तरप्रदेश में दनदनाते थे लेकिन, बाबा ऐसा बुल्डोजर लेकर आए सारे माफिया दफन हो गए।
 

अखिलेश चलाते हैं ऑपरेशन दंगा
उन्होंने कहा की जब जब भारतीयों पर संकट आया है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने हमें हर संकट से बाहर निकाला है मोदी जी हर संकट में जनता के साथ खड़े हैं, वो भारतीयों की सुरक्षा के लिए ऑपरेशन "गंगा" अभियान चला रहें हैं और अखिलेश यादव का उत्तरप्रदेश में ऑपरेशन "दंगा" चलता है।

ऐसा है अखिलेश का समाजवाद
सीएम शिवराज ने कहा की अखिलेश का समाजवाद नकली है, इनका  समाजवाद में साम्प्रदायिकता, माफियाराज और जातिवाद से भरा है, असली समाजवाद में जनता की खुशहाली और गरीबों का हित छुपा है, लेकिन अखिलेश के समाजवाद की अलग परिभाषा है उन्होंने सपा के समाजवाद का मतलब बताते हुए कहा 
स से साम्प्रदायिकता
मा से माफियाराज
ज से जातिवाद 
उन्होंने कहा ये है सपा का समाजवाद है,  ये अखिलेश के समाजवाद की व्याख्या है और अखिलेश इन्हीं तीन की राजनीति कर रहे हैं ।

अंधकार दूर करने सूरज बनकर आए है योगी
उन्होंने कहा की योगी जी सत्ता में इसलिए आएं हैं क्योंकि उत्तरप्रदेश में बदमाशों की अकल ठिकाने लगाकर, जनता को राहत पहुंचा सकें, सुरक्षा दें सकें। योगी यूपी में सपा का अंधकार दूर करने सूरज बनकर आए हैं। आदित्य का मतलब होता है "सूरज", अगर सुरक्षा का प्रकाश दिया है तो योगी आदित्यनाथ ने दिया है, भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने दिया है।

भाजपा ने दिया सुरक्षा और सम्मान
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा की जब बबुआ की सरकार थी, तो बिजली नहीं आती थी, बल्कि लंबे चौड़े बिल ज़रूर आते थे। सपा और बसपा ने गरीबों को मकान नहीं दिए, क्योंकि इन्हें खुद के मकान और माफियाओं के बंगले बनाने से ही फुरसत नहीं थी, लेकिन अब पानी, बिजली, स्वास्थ्य और हर गरीब को घर मिल रहा हैं। भाजपा की सरकार में ये सौगात मोदीजी और योगीजी ने दी हैं। 

राहुल गाँधी भी त्रिपुण्ड लगाकर घूम रहे हैं
मुख्यमंत्री चौहान ने सपा, कांग्रेस सहित विपक्षी दलों को आड़े हाथों लेते हुए कहा की आज कल तो सभी राम राम जप रहें हैं, राहुल गांधी वो आदमी हैं, जो पहले भगवान श्रीराम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे और आज त्रिपुण्ड लगा कर घूम रहे हैं, राम राम जप रहें हैं, जनेऊ पहन रहें हैं, प्रियंका गांधी भी गंगा स्नान कर रहीं हैं और सपा की सरकार थी जिन्होंने, रामभक्तों पर गोलियां चलाई थी, वो भी आज राम राम जप रहें हैं। 
 

यूपी को दुनिया का नंबर वन राज्य बना कर चैन लेंगे योगी
उन्होंने कहा की अखिलेश यादव कहते हैं की बाबा को सत्ता से क्या लेना देना, अरे तुमने माफियाओं का राज चलाया, तुम्हारे राज में लूटपाट हुई, हत्याएं हुई, अत्याचार और अन्याय हुए, उसके बाद योगी बाबा  बुलडोजर लेकर मुख्यमंत्री बने हैं। जो उत्तरप्रदेश को हिंदुस्तान का नहीं दुनिया का नंबर वन राज बनाकर ही चैन की सांस लेंगे। 

उत्तरप्रदेश विकास की राह पर है अग्रसर
मुख्यमंत्री ने कहा, भाजपा सरकार में पाइपलाइन बिछाकर घर घर पीने वाला पानी दिया जा रहा है। आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीबों को इलाज, किसान सम्मान निधि के तहत 6 हजार की मदद का लाभ भी मोदी जी और योगी जी दे रहे हैं। बहनों को होली और दिवाली में मुफ़्त गैस सिलेंडर दिए जाएंगे। किसान भाई अपने ट्यूबवेल चलाएंगे, बिल भाजपा सरकार भरेगी। उन्होंने कहा इस डबल इंजन की सरकार में देश के साथ उत्तरप्रदेश भी विकास की राह पर अग्रसर है। हमें मिलकर इस विकास गति को बढ़ाना है। उन्होंने सभाओं में संकल्प दिलाते हुए भाजपा को विजयी बनाने का आव्हान किया है।

UP Election Info: उत्‍तर प्रदेश व‍िधानसभा चुनाव 2022 में 403 व‍िधानसभा सीट के ल‍िए पहले चरण का मतदान 10 फरवरी, दूसरा चरण 14 फरवरी, तीसरा चरण 20 फरवरी, चौथा चरण 23 फरवरी, पांचवां चरण 27 फरवरी, छठा चरण 3 मार्च और अंतिम चरण का मतदान 7 मार्च को है। कुल 7 चरणों में होगा यूपी में चुनाव। मतगणना 10 मार्च को होगी।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें