
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने अपनी ही पार्टी के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके OSD विभव कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दिल्ली पुलिस के सूत्रों के अनुसार, दिल्ली के मुख्यमंत्री के आवास पर स्वाति मालीवाल के साथ सीएम केजरीवाल के कहने पर उनके OSD विभव कुमार ने मारपीट की है।
दरअसल, दिल्ली पुलिस की डेली डायरी एंट्री से पता चला कि दिल्ली पुलिस कंट्रोल को सुबह 9.31 बजे एक कॉल आया, जिसमें महिला ने अपना नाम स्वाति मालीवाल बताया। जिसे 9.34 बजे नॉर्थ कंट्रोल रूम को ट्रांसफर किया गया। पुलिस लॉग शीट के अनुसार, कॉलर महिला ने कहा कि वह अभी सीएम हाउस में हैं, जहाँ मुख्यमंत्री और उनके OSD विभव कुमार ने उनके साथ मारपीट की है। इसके बाद डेली डायरी एंट्री में सुधार कर कहा गया कि सीएम ने विभव कुमार से पिटवाया है। इसके बाद पुलिस सीएम हाउस पहुँची और स्वाति मालीवाल को पुलिस स्टेशन आने के लिए मनाया। कुछ देर बाद स्वाति मालीवाल पुलिस स्टेशन पहुँचीं। उनके साथ मारपीट की खबर कुछ ही देर में सभी जगह फैल गई, जिसके बाद थोड़ी ही देर में मालीवाल पुलिस स्टेशन से चली गईं।
वहीं, दिल्ली पुलिस का कहना है कि स्वाति मालीवाल ने घटना के बारे में बताया है, हम मामले को वेरिफाई कर रहे हैं। हालाँकि, मालीवाल ने लिखित में कोई भी शिकायत नहीं की है।
उधर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को निशाने पर लेने का एक और मौका मिल गया है। नई दिल्ली से भाजपा उम्मीदवार बांसुरी स्वराज ने दावा किया कि यह अरविंद केजरीवाल ही थे जिन्होंने कथित हमले के लिए उकसाया था। बांसुरी स्वराज ने कहा, "हमें आज एक शर्मनाक खबर मिली कि अरविंद केजरीवाल के उकसाने पर उनके ओएसडी ने उनकी पार्टी की एक सांसद स्वाति मालीवाल के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार किया है। उन्होंने दिल्ली पुलिस को भी फोन किया और इसकी शिकायत की। यह घटना दिल्ली में हुई। भाजपा इस घटना की कड़ी निंदा करती है।”
भाजपा नेता अनुराग ठाकुर ने कहा कि आप के शासन में महिलाएँ सुरक्षित नहीं हैं। दिल्ली भाजपा प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा ने कथित घटना को शर्मनाक बताया और दावा किया कि अरविंद केजरीवाल का घर पहले भी इसी तरह की घटनाओं के लिए सुर्खियों में रहा है। उन्होंने एक पुराने मामले का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजधानी के पूर्व मुख्य सचिव के साथ भी मुख्यमंत्री आवास में मारपीट की गई थी। उन्होंने कहा, यह एक शर्मनाक घटना है जो सीएम आवास में हुई है। अरविंद केजरीवाल का आवास हमेशा ऐसी घटनाओं के लिए सुर्खियों में रहा है। दिल्ली के पूर्व मुख्य सचिव के साथ भी सीएम आवास में मारपीट की गई थी। सच्चाई का पता लगाने के लिए पुलिस द्वारा जाँच की जाएगी। स्वाति मालीवाल समय-समय पर दिल्ली के मुद्दों को उठाने के लिए जानी जाती हैं। मुझे यकीन है कि वह इस मामले में चुप नहीं बैठेंगी और लोगों को पता चल जाएगा कि सीएम आवास में कितना घृणित व्यक्ति रहता है।
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव तरुण चुघ ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के सचिव विभव कुमार ने स्वाति मालीवाल के साथ मारपीट की है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होनी चाहिए। पहले मुख्य सचिव और अन्य अधिकारियों के साथ मारपीट की गई और धमकी दी गई, फिर उनकी ही पार्टी की एक महिला सांसद के साथ उनके सचिव विभव ने उनके कार्यालय में मारपीट की। ऐसा लगता है जैसे सीएमओ बॉक्सिंग रिंग बन गया है। उन्होंने कहा, आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जानी चाहिए। यह घटना दिखाती है कि कुछ ठीक नहीं है।
दिल्ली के डीसीपी (उत्तर) मनोज मीणा ने न्यूज़ एएनआई को बताया कि सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन को एक महिला का फोन आया जिसमें दावा किया गया कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर पर उसके साथ मारपीट की गई है। उन्होंने दावा किया कि स्वाति मालीवाल बाद में पुलिस स्टेशन आईं, लेकिन यह कहकर चली गईं कि वह बाद में शिकायत दर्ज कराएंगी।
बता दें स्वाति मालीवाल डीसीडब्लू की सबसे युवा प्रमुख थीं। इस साल की शुरुआत में वह संसद के ऊपरी सदन राज्यसभा की सदस्य बनी थीं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

