गुरुवार, 21 मई 2026
Logo
National

भारत में भीषण गर्मी का कहर, 16 शहरों में 46°C पार; बांदा ने तोड़ा रिकॉर्ड

21 मई, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
भारत में भीषण गर्मी का कहर, 16 शहरों में 46°C पार; बांदा ने तोड़ा रिकॉर्ड
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

नई दिल्ली। देश में नौतपा शुरू होने से पहले ही गर्मी ने विकराल रूप ले लिया है। उत्तर प्रदेश का बांदा 48°C तापमान के साथ दुनिया का तीसरा सबसे गर्म शहर बन गया है। भीषण लू और तपिश ने उत्तर भारत को झुलसा दिया है। स्थिति इतनी गंभीर है कि मई के आखिरी हफ्ते या जून जैसी गर्मी अभी से महसूस होने लगी है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में राहत की उम्मीद भी कम है।


दुनिया के सबसे गर्म शहरों में शामिल हुआ बांदा

20 मई को रिकॉर्ड किए गए तापमान के अनुसार बांदा दुनिया का तीसरा सबसे गर्म शहर रहा। इससे ज्यादा तापमान केवल मिस्र के असवान में 49.4°C और सऊदी अरब के अराफात में 48.4°C दर्ज हुआ। वहीं मध्य प्रदेश का खजुराहो 47.4°C के साथ दुनिया के सबसे गर्म शहरों की सूची में चौथे नंबर पर रहा। इससे देश में बढ़ती हीटवेव की गंभीरता साफ दिखाई दे रही है।


16 शहरों में 46°C से ज्यादा तापमान

बुधवार को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, ओडिशा और महाराष्ट्र के 16 शहरों में तापमान 46°C के पार पहुंच गया।


महाराष्ट्र का वर्धा: 47.1°C

हरियाणा का रोहतक: 46.9°C

नागपुर: 46.6°C

मध्य प्रदेश का नौगांव: 46.6°C


लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों की दिनचर्या पूरी तरह बदल दी है। दोपहर में सड़कें सूनी नजर आने लगी हैं।


उत्तर भारत में क्यों बढ़ रही इतनी गर्मी?

मौसम विभाग के अनुसार पाकिस्तान के बलूचिस्तान और थार मरुस्थल से आने वाली गर्म और सूखी हवाएं सीधे उत्तर भारत के मैदानी इलाकों तक पहुंच रही हैं। इसी वजह से गर्मी का असर कई गुना बढ़ गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि साफ आसमान और लगातार धूप भी तापमान को रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचा रही है।


बांदा सबसे ज्यादा गर्म क्यों?

बांदा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिनेश के मुताबिक बांदा का कर्क रेखा के नजदीक होना इसकी सबसे बड़ी वजह है। इसके अलावा यहां का पठारी इलाका, मिट्टी में नमी की कमी, सूखती नदियां, जंगलों की कटाई और खनन भी तापमान बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभा रहे हैं। यही कारण है कि बांदा लगातार हीटवेव का केंद्र बनता जा रहा है।


मानसून भी फिलहाल रुका

देशभर में गर्मी बढ़ने के बीच मानसून की रफ्तार भी थम गई है। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून पिछले तीन दिनों से अंडमान-निकोबार और कोलंबो के आसपास ही अटका हुआ है। विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल मानसून को आगे बढ़ाने वाली अनुकूल परिस्थितियां नहीं बन पा रही हैं। इससे उत्तर और मध्य भारत में गर्मी और लंबी खिंच सकती है।


इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

हालांकि पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में मौसम बदलने की संभावना जताई गई है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। वहीं तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, लक्षद्वीप और कर्नाटक के कुछ इलाकों में 24 मई तक अच्छी बारिश हो सकती है। लेकिन देश का बड़ा हिस्सा अभी भी भीषण गर्मी की चपेट में रहेगा।


डॉक्टरों ने जारी किया हेल्थ अलर्ट

AIIMS दिल्ली के मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉ. नीरज निश्चल ने लोगों को दोपहर 10 बजे से 3 बजे तक धूप से बचने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग, बच्चे और पहले से बीमार लोगों को ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए। प्यास न लगने पर भी दिनभर में करीब 4 लीटर पानी पीना जरूरी है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें