बुधवार, 22 अप्रैल 2026
Logo
National

ट्रंप-पुतिन मुलाकात से पहले जेलेंस्की ने मोदी को किया फोन, रूस पर लगाए गंभीर आरोप; जानिए क्या हुई गुप्त बातचीत

11 अग, 20250 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
ट्रंप-पुतिन मुलाकात से पहले जेलेंस्की ने मोदी को किया फोन, रूस पर लगाए गंभीर आरोप; जानिए क्या हुई गुप्त बातचीत

ट्रंप-पुतिन मुलाकात से पहले जेलेंस्की ने मोदी को किया फोन, रूस पर लगाए गंभीर आरोप; जानिए क्या हुई गुप्त बातचीत

Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

नई दिल्ली। 15 अगस्त को होने वाली डोनाल्ड ट्रंप और व्लादिमीर पुतिन की हाई-प्रोफाइल मुलाकात से पहले एक कूटनीतिक फोन कॉल ने अंतरराष्ट्रीय गलियारों में हलचल मचा दी है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन कर रूस पर गंभीर आरोप लगाए और युद्ध खत्म करने के लिए भारत की भूमिका को लेकर खुलकर बात की। यह बातचीत ऐसे वक्त में हुई है, जब रूस-यूक्रेन जंग चौथे साल में दाखिल हो चुकी है और वैश्विक राजनीति में हर देश की चाल मायने रख रही है।


क्रूस पर हमलों का आरोप

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए जानकारी दी कि उन्होंने पीएम मोदी को यूक्रेनी शहरों और गांवों पर हो रहे रूसी हमलों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि कल ज़ापोरिज्जिया के बस अड्डे पर रूस ने जानबूझकर बमबारी की, जिसमें दर्जनों लोग घायल हुए।


भारत का समर्थन और शांति प्रयास

जेलेंस्की ने कहा, "यह महत्वपूर्ण है कि भारत हमारे शांति प्रयासों का समर्थन कर रहा है और इस बात से सहमत है कि यूक्रेन से संबंधित हर फैसला, यूक्रेन की भागीदारी से ही होना चाहिए।" उन्होंने साफ किया कि अन्य प्रारूपों से परिणाम नहीं मिलेंगे।


रूसी ऊर्जा निर्यात पर रोक की मांग

यूक्रेनी राष्ट्रपति ने रूस के खिलाफ कड़े प्रतिबंध लगाने का आह्वान किया। उनका कहना था कि रूसी ऊर्जा, खासकर तेल, के निर्यात को सीमित करना जरूरी है, ताकि रूस की युद्ध जारी रखने की क्षमता और फंडिंग कम की जा सके।

 गौरतलब है कि भारत को रूसी तेल की खरीद पर अमेरिका से 50% टैरिफ का सामना करना पड़ रहा है।


मोदी का स्पष्ट रुख

वहीं पीएम नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा, "मैंने संघर्ष के शीघ्र और शांतिपूर्ण समाधान की आवश्यकता पर भारत की सतत स्थिति से अवगत कराया। भारत इस संबंध में हर संभव योगदान देने के साथ-साथ यूक्रेन के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।"


ट्रंप-पुतिन मुलाकात से पहले बढ़ी हलचल

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मुलाकात 15 अगस्त को अलास्का में होने वाली है। यह बैठक रूस-यूक्रेन जंग के बीच अंतरराष्ट्रीय राजनीति की दिशा बदल सकती है। ऐसे में जेलेंस्की का मोदी को फोन करना और रूस के खिलाफ प्रतिबंध की मांग, आने वाले दिनों में वैश्विक मंच पर भारत की भूमिका को और अहम बना सकता है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें