
डेस्क रिपोर्टर
News World Deskचंडीगढ़, न्यूज़ वर्ल्ड डेस्क। पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) को मिली प्रचंड जीत के बाद भगवंत मान (Bhagwant Mann) के सिर आज मुख्यमंत्री का ताज सजने जा रहा है। शहीद-ए- आजम भगत सिंह के गांव नवांशहर के खटकड़ कलां में भगवंत आज मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। भगवंत मान आज दोपहर साढ़े 12 बजे शपथ लेंगे। चेहरे के तौर पर वह पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री होंगे। हालांकि, कार्यकाल के लिहाज से वो पंजाब के 25वें मुख्यमंत्री हैं।
अकेले शपथ लेंगे मान
पार्टी सूत्रों ने बताया कि भगवंत मान आज अकेले ही शपथ ग्रहण करेंगे। हालांकि इसके साथ ही सूत्रों ने बताया कि पंजाब मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री समेत 18 मंत्री हो सकते हैं। जिला प्रशासन ने शपथ ग्रहण समारोह के चलते भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए 16 मार्च को स्कूलों में छुट्टी की घोषणा की है। सुरक्षा के लिए करीब 10 हजार कर्मचारी तैनात किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर 40 एकड़ में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
अमेरिका से बेटा और बेटी भी आए
शपथ ग्रहण समारोह में करीब ढाई से तीन लाख लोगों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। समारोह में AAP संयोजक दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पूरी कैबिनेट समेत मौजूद रहेंगे। मान के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए अमेरिका से उनका बेटा दिलशान मान और उनकी बेटी सीरत कौर खटकड़ कलां पहुंच रहे हैं। मान का 2015 में पत्नी इंद्रप्रीत कौर से तलाक हो गया था।
100 एकड़ में हो रहा समारोह
खटकड़ कलां में शपथ ग्रहण समारोह 100 एकड़ जगह में हो रहा है। यहां करीब 13 एकड़ के पंडाल में 3 मंच बनाए गए है। पहले मंच पर पंजाब के नए मुख्यमंत्री भगवंत मान और पद की शपथ दिलाने वाले राज्यपाल बीएल पुरोहित होंगे। दूसरे मंच पर पार्टी संयोजक दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी पूरी कैबिनेट होगी। वहीं तीसरे मंच पर पंजाब के सभी निर्वाचित 116 विधायक होंगे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

