
नई दिल्ली। 2024 का लोकसभा चुनाव सियासी दलों के लिए काफी महत्व रखता है। जहां बीजेपी पर पिछली दो जीत के इतिहास को नई उंचाई देने का दबाव है, तो वहीं इंडी गठबंधन और कांग्रेस के लिए अस्तित्व का सवाल है। चुनाव में महज तीन महीने बचे हैं, ऐसे में बीजेपी जहां पूरी तरह से मैदान में है। वहीं कांग्रेस अभी बैठकों के जरिये रणनीति पर ही मंथन कर रही है।
बीजेपी ने कलस्टर प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है, बीजेपी सत्ता और संगठन दोनों ही स्तर चुनावी मैदान में सक्रिय है। बीजेपी ने विधानसभा चुनाव के बाद से ही मिशन 2024 की तैयारी शुरू कर दी थी। बीजेपी दीवार लेखन अभियान की शुरूआत कर अबकी बार फिर मोदी सरकार स्लोगन के साथ मैदान में है ।बीजेपी अयोध्या में भगवान राम की मूर्ति की मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर घर घर अयोध्या आने का निमंत्रण दे रही है। और अगले एक महीने तक अयोध्या यात्रा जैसे आयोजनों को लेकर मैदान में सक्रिय रहने का कार्यक्रम तैयारी कर लिया।
इसी के साथ ही वो विकसित भारत अभियान के जरिये सीधे आम लोगों तक जुड़ने की कोशिश कर रही है। इस अभियान में सरकार की योजनाओं को घर घर तक पहुंचाया जा रहा है, और जिसे योजना का लाभ नहीं मिला है, उसे तुरंत लाभ दिलाया जा रहा है। इस अभियान में मंत्री से लेकर कार्यकर्ता तक जुटा हुआ है, और खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सीधे लाभार्थियों से विर्चुअली संवाद कर रहे हैं।
वहीं कांग्रेस की तैयारियों की बात करें तो, प्रदेश से लेकर दिल्ली तक कांग्रेस में अभी बैठकों का दौर जारी है। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में हार के बाद कांग्रेस में संगठन स्तर पर बड़े फेर बदल किये गये, जिसमें कमलनाथ की जगह जीतू पटवारी को पीसीसी की कमान दी गई । जिसके बाद चुनाव में हार और लोकसभा चुनाव को लेकर बैठकों का दौर तो चल रह है लेकिन जमीनी स्तर पर कोई बड़ा अभियान कांग्रेस ने अभी तक नहीं चलाया है।
देश में अगर कांग्रेस की बात करें तो राहुल गांधी 14 जनवरी से भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर निकले हैं। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा मार्च के शुरुआत में एमपी में प्रवेश करेगी । मध्य प्रदेश में यह यात्रा 698 किलोमीटर का सफर तय करेगी। इसमें 9 जिले मुरैना ,ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, राजगढ़, आगर मालवा, उज्जैन, रतलाम, झाबुआ से होते हुए राजस्थान जाएगी।
मध्य प्रदेश कांग्रेस इसी को लेकर रणनीति बना रही है। ऐसा माना जा रहा है कांग्रेस राहुल गांधी की मध्य प्रदेश यात्रा से चुनावी शंखनाद करेगी। मध्य प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों में महज एक सीट पर कांग्रेस है और 28 सीटों पर बीजेपी काबिज है, लोकसभा चुनाव में केवल तीन महीने बचे हैं और राहुल न्याय यात्रा के मध्य प्रदेश आने में डेढ़ महीने का वक्त है।ऐसे में कांग्रेस कैसे प्रदेश में बीजेपी को चुनौती दे पाएगी, ये एक बड़ा सवाल है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

