बुधवार, 06 मई 2026
Logo
National

'मोदी की गारंटी' थीम पर हो सकता बीजेपी का चुनावी घोषणा पत्र, घोषणा-पत्र समिति की दूसरी बैठक आज दिल्ली में

अभी-अभी0 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
'मोदी की गारंटी' थीम पर हो सकता बीजेपी का चुनावी घोषणा पत्र, घोषणा-पत्र समिति की दूसरी बैठक आज दिल्ली में

'मोदी की गारंटी' थीम पर हो सकता बीजेपी का चुनावी घोषणा पत्र, घोषणा-पत्र समिति की दूसरी बैठक आज दिल्ली में

News World Desk
डेस्क रिपोर्टर
News World Desk

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनाव-2024 के लिए बड़े वादे कर सकती है। बीजेपी ने चुनावी घोषणा-पत्र तैयार करने के लिए राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में एक समिति गठित की है। सूत्रों के अनुसार, बीजेपी की चुनाव घोषणा-पत्र समिति की दूसरी बैठक चार अप्रैल यानि कि आज हो सकती है। भाजपा का घोषणा-पत्र 'मोदी की गारंटी' थीम पर हो सकता है। सूत्रों ने इस बात का इशारा किया है कि भाजपा अपने घोषणा-पत्र में किसानों को लेकर बड़े वादे भी कर सकती है। किसानों का मुद्दा इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि किसान संगठन लंबे समय से MSP (न्यूनतम समर्थन मूल्य) के लिए कानूनी गारंटी, कर्ज माफी और पिछले प्रदर्शनों के दौरान किसानों के खिलाफ दर्ज किए गए मामलों को वापस लेने सहित कई मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बना रहे हैं। इसका तोड़ निकालने के लिए BJP अपने घोषणा-पत्र में पीएम किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को दी जाने वाली वित्तीय सहायता में बढ़ोतरी करने का भी वादा कर सकती है।


इससे पहले सोमवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में भाजपा की चुनाव घोषणा-पत्र समिति की पहली बैठक हुई थी, जिसमें समिति के सदस्यों ने जनता से मिले सुझावों पर चर्चा की। समिति के सह- संयोजक और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को मीडिया को संबोधित करते हुए कहा था कि समिति की बैठक में राजनाथ सिंह, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव समेत कई अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए।


घोषणा-पत्र को जल्द दिया जाएगा अंतिम रुप

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा था कि बीजेपी अपने संकल्प पत्र में सभी मुद्दों को गंभीरता से लेती है। भाजपा नेता ने कहा कि हमारी पार्टी के पास मजबूत तंत्र है जिसके जरिये संकल्प पत्र तैयार किया जाता है। अभी शुरुआती घोषणा-पत्र पर चर्चा हुई है। आने वाले कुछ दिनों में इसे अंतिम रूप दे दिया जाएगा।


बता दें, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आगामी लोकसभा चुनाव-2024 के लिए 27 सदस्यीय घोषणा पत्र समिति गठन किया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को इस समिति का अध्यक्ष, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को संयोजक और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को सह- संयोजक बनाया गया है। समिति में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, भूपेंद्र यादव, अश्विनी वैष्णव, धर्मेंद्र प्रधान, स्मृति ईरानी और राजीव चंद्रशेखर के अलावा पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और कुछ पूर्व उपमुख्यमंत्री भी शामिल हैं।


पहले चरण के मतदान से पहले BJP जारी कर सकती है अपना घोषणा पत्र

भाजपा ने पिछले माह ही लोकसभा चुनाव-2024 के लिए अपने घोषणा पत्र को तैयार करने की प्रक्रिया शुरु कर दी थी। पार्टी ने लोगों से सुझाव मांगने के लिए अलग-अलग इलाकों में रथ भी रवाना किए थे। भाजपा अपने घोषणा पत्र को संकल्प पत्र कहती है। सूत्रों के मुताबिक, इस बार का घोषणा पत्र गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है। पार्टी का इस बार का घोषणा पत्र 2047 तक देश को विकसित बनाने की योजना पर भी आधारित होगा। सूत्रों के मुताबिक 19 अप्रैल को पहले चरण के मतदान से पहले पार्टी अपना घोषणा पत्र जारी कर सकती है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें