
नई दिल्ली। बीजेपी का राष्ट्रीय अधिवेशन नई दिल्ली के भारत मंडपम में शुरू हो गया है। पीएम मोदी और जेपी नड्डा ने दीप प्रज्वलित कर अधिवेशन की शुरुआत की। इस मौके पर जेपी नड्डा ने कहा कि पिछले 10 साल उपलब्धियों से भरे रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछला दशक भाजपा के लिए उपलब्धियों भरा रहा है।
जेपी नड्डा ने कहा कि वर्ष 2014 में पांच राज्यों में भाजपा की सरकार थी, लेकिन फिलहाल 12 राज्यों में भाजपा और 17 राज्यों में राजग सत्तारूढ़ है। पश्चिम बंगाल में भाजपा 10 प्रतिशत वोट और तीन सीट से बढ़कर 38.5 प्रतिशत वोट और 77 सीट पर पहुंच गई। हम अगली बार राज्य की सत्ता में आएंगे। जेपी नड्डा ने कहा कि आज हम एक ऐसे माहौल में एकत्र हुए हैं, जहां हमें पीछे भी जीत दिखी है और आगे भी जीत मिलेगी।
जेपी नड्डा ने अपने अध्यक्षीय भाषण में कहा, हमें 370 से अधिक सीट हासिल करनी हैं और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को 400 सीट का आंकड़ा पार करना है।’ उन्होंने पार्टी सदस्यों से आह्वान किया कि वे इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए अपनी पूरी ऊर्जा लगा दें ताकि पार्टी अपने पिछले रिकॉर्ड तोड़ दे। जेपी नड्डा ने जब प्रधानमंत्री के कार्यकाल की मुख्य बातों का उल्लेख करते हुए महिला आरक्षण कानून और अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण का जिक्र किया तो देशभर से आये हजारों पार्टी प्रतिनिधियों ने खड़े होकर मोदी के समर्थन में नारे लगाये।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

