मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के रुझानों में भाजपा की आंधी चल रही है। यहां भाजपा ने 148 सीटों पर चुनाव लड़ा है। अब तक आए रुझानों में भाजपा 124 सीटों पर आगे चल रही है। यदि यह रुझान नतीजे में बदलते हैं तो भाजपा की यह अब तक की सबसे बड़ी जीत होगी।
इस समय जो रुझान निकल कर सामने आ रहें है उसके मुताबिक भाजपा का स्ट्राइक रेट 84 फीसदी दिखा रहा है, जो राजनीतिक पंडितों को भी हैरान करने वाला है। महाराष्ट्र के चुनावी इतिहास में भाजपा को पहली बार इतनी अधिक सीटें मिलती हुई दिखाई दे रही है। इससे पार्टी राज्य की सियासत में मजबूत होने के साथ ही गठबंधन में भी ताकतवर होकर उभरेगी और अपना ही सीएम बनाने में उसे सफलता मिल सकती है।
भाजपा का स्ट्राइक रेट 84 फ़ीसदी
भाजपा के लिए 124 सीटों पर बढ़त पाने के साथ ही स्ट्राइक रेट भी मायने रखता है। भाजपा ने 2014 के विधानसभा चुनाव में 260 सीटों पर कैंडिडेट उतारे थे, लेकिन 122 सीटों पर ही जीत मिली थी। 2019 में शिवसेना के साथ भाजपा का गठबंधन हुआ था, उस दौरान भाजपा ने 150 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे और 105 सीटों पर जीत मिली थी। इस तरह देखें तो भाजपा को महाराष्ट्र के अपने चुनावी इतिहास में सबसे बड़ी जीत मिली है। इससे पहले भाजपा को 2009 में 46 और 2004 में 54 सीटों पर जीत मिली थी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

