
नई दिल्ली। 2024 का चुनाव प्रचार पूरी तरह ख़त्म हो रहा है। आज आख़िरी और सातवें दौर की 57 सीटों पर प्रचार शाम 5 बजे थम गया है। अब इसके लिए शनिवार (01 जून) को वोटिंग होगी और 4 जून को नतीजे सभी के सामने होंगे।
लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के तहत 1 जून को 8 राज्यों एवं संघ शासित प्रदेशों की 57 लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। सातवें चरण का यह चुनाव केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी बीजेपी के साथ-साथ कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के लिए कई मायनों में महत्वपूर्ण होने जा रहा है। इन 57 सीटों पर 2019 में हुए चुनाव के नतीजों की बात की जाए तो बीजेपी को अकेले 25 सीटों पर जीत हासिल हुई थी।
अंतिम चरण के इस चुनाव में जिन प्रमुख सीटों पर मतदान है, उसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की वाराणसी सीट भी शामिल है। इसके साथ ही बंगाल की डायमंड हार्बर सीट, जहां से ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी मैदान में हैं और बिहार की पाटलिपुत्र सीट भी शामिल है, जहां से लालू प्रसाद यादव की बेटी मीसा भारती चुनाव मैदान में हैं।
इस बीच अंतिम चरण का प्रचार थमने से पहले बाकी बचे घंटों में प्रचार को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। भाजपा और कांग्रेस ने अपने सभी स्टार प्रचारकों को मैदान में उतार रखा है। अंतिम चरण का यह चुनाव वैसे भी भाजपा की अगुवाई वाले राजग गठबंधन और कांग्रेस के नेतृत्व वाले आईएनडीआईए, दोनों के लिए ही काफी अहम है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

