
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 12 अगस्त को अहमदाबाद में गुजरात के प्रमुख उद्योगपतियों और निवेशकों से संवाद करेंगे। मध्यप्रदेश में उपलब्ध निवेश के अवसरों, अनुकूल औद्योगिक नीतियों और निवेशक सुविधाओं से अवगत कराऐंगे। साथ ही प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करेंगे।
मध्यप्रदेश के औद्योगिक विकास को गति देने और देश के प्रमुख औद्योगिक समूहों के साथ निवेश साझेदारी को मजबूत करने के लिए अहमदाबाद में मेगा निवेश रोड शो का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस अवसर पर आगामी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 के लिए गुजरात के उद्योग जगत को आमंत्रित भी करेंगे। मुख्यमंत्री गुजरात के प्रमुख औद्योगिक समूहों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठकें करेंगे। वह अरविंद लिमिटेड, टोरेंट पॉवर व अडानी ग्रुप के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के साथ चर्चा करेंगे।
इन बैठकों में वस्त्र, ऊर्जा, अधोसंरचना, विनिर्माण और औद्योगिक विस्तार के क्षेत्र में मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर विचार-विमर्श होगा। हरी कृष्णा एक्सपोर्ट के चेयरमैन ढोलकिया, चिरिपाल समूह के चेयरमैन बृजमोहन चिरिपाल और अग्रवाल ग्रुप के चेयरमैन चिमन भाई शाह के साथ भी व्यक्तिगत बैठकें करेंगे। संवादों में संभावित निवेश परियोजनाओं, औद्योगिक विस्तार, भूमि उपलब्धता तथा निवेशकों को उपलब्ध सुविधाओं और सहयोग पर चर्चा होगी।
मध्यप्रदेश में निवेश अवसरों पर होगी विशेष ऑडियो-विजुअल प्रस्तुति
कार्यक्रम में सीआईआई गुजरात स्टेट काउंसिल के चेयरमैन एवं सिम्फनी लिमिटेड के चेयरमैन अचल बाकेरी स्वागत उद्बोधन देंगे। इसके बाद मध्यप्रदेश में निवेश अवसरों पर विशेष ऑडियो-विजुअल प्रस्तुति होगी। अपर मुख्य सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन नीरज मंडलोई मध्यप्रदेश के औद्योगिक परिदृश्य, मजबूत अधोसंरचना, निवेशक-अनुकूल नीतियों व विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध निवेश अवसरों पर विस्तृत प्रस्तुति देंगे।
. प्रमुख सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी एम. सेल्वेन्द्रन प्रदेश के टेक इकोसिस्टम, नवाचार, अनुसंधान एवं विकास, स्टार्टअप्स एवं उच्च प्रौद्योगिकी आधारित निवेश की संभावनाओं पर प्रकाश डालेंगे। कार्यक्रम में वेलस्पन के चिंतन ठाकरे और चिरिपाल समूह के बृजमोहन चिरिपाल भी अपने विचार साझा करेंगे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

