
दिल्ली में शुक्रवार दोपहर 12:30 बजे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और केंद्र सरकार के प्रतिनिधियों के बीच दूसरी दौर की बातचीत होने जा रही है। यह बैठक कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में होगी, जबकि राजधानी में आंदोलन के मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।
बैठक से पहले आंदोलन से जुड़े कई घटनाक्रम सामने आए हैं। एक ओर सोनम वांगचुक ने 26वें दिन अपना अनशन समाप्त कर दिया, वहीं CJP ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रखने और आज देशभर में प्रदर्शन करने की घोषणा की है।
दूसरी बार आमने-सामने होंगे सरकार और CJP
इससे पहले 20 जुलाई को केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के आवास पर दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई थी, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी थी।
सरकार का कहना था कि उसने चार बार CJP को वार्ता के लिए बुलाया, लेकिन प्रतिनिधि नहीं पहुंचे। दूसरी तरफ CJP ने स्पष्ट किया था कि वह किसी मंत्री के आवास पर नहीं जाएगा और बातचीत किसी तटस्थ (न्यूट्रल) स्थान पर होनी चाहिए।
सोनम वांगचुक ने समाप्त किया अनशन
आंदोलन के बीच सोनम वांगचुक ने अपना 26 दिन का अनशन खत्म कर दिया। देर रात करीब 12:30 बजे केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह मेदांता अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने वांगचुक को जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया।
CJP का दावा- सरकार दबाव में
CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा कि सरकार आंदोलन के दबाव में है। उनके अनुसार इसी कारण प्रधानमंत्री को रात 12:30 बजे वीडियो संदेश जारी करना पड़ा। रांका ने कहा कि शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तक प्रदर्शन जारी रहेगा।
प्रधानमंत्री ने पेपर लीक कानून का किया जिक्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार देर रात जारी वीडियो संदेश में कहा कि सरकार पेपर लीक को लेकर कानून लाएगी।
सुरक्षा के बीच 17 मेट्रो स्टेशन बंद
आंदोलन को देखते हुए केंद्रीय दिल्ली के कई इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। राजीव चौक, लोक कल्याण मार्ग सहित 17 मेट्रो स्टेशन बंद किए गए हैं। देर रात संसद मार्ग पर प्रदर्शनकारियों द्वारा बैरिकेड्स तोड़े जाने की घटना भी सामने आई।
इंद्रेश कुमार ने लगाए गंभीर आरोप
वरिष्ठ RSS नेता इंद्रेश कुमार ने आरोप लगाया कि CJP के प्रदर्शनों के पीछे देश और विदेश की ताकतें सक्रिय हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी शक्तियां भारत को विकसित, मजबूत और शिक्षित राष्ट्र नहीं बनने देना चाहतीं। उनका यह भी कहना था कि विपक्षी दलों ने शुरुआत परीक्षा के मुद्दे से की, लेकिन बाद में राजनीतिक दिशा में आगे बढ़ गए।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

