
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत यही है कि एक साधारण परिवार से आने वाले व्यक्ति को भी मुख्यमंत्री बनने का मौका मिलता है।
पीएम मोदी की नीतियों से 'आम से खास' बने मोहन यादव
दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान सीएम यादव ने कहा, "यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी नीतियों का ही नतीजा है कि हमारे जैसे साधारण लोग भी मुख्यमंत्री बनते हैं। मेरे परिवार में कोई सांसद, विधायक या मंत्री नहीं है, लेकिन फिर भी मुझे यह जिम्मेदारी दी गई।" उन्होंने "सबका साथ, सबका विकास" के नारे को सिर्फ एक नारा नहीं बल्कि धरातल पर उतरी सच्चाई बताया। यादव ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य हर वर्ग, हर परिवार को साथ लेकर चलना है, जबकि कुछ पार्टियां एक ही परिवार तक सीमित रहती हैं।
दिल्ली में रेखा गुप्ता के शपथ ग्रहण में की शिरकत
डॉ. मोहन यादव दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने कार्यक्रम में भाग लिया और दिल्लीवासियों को शुभकामनाएं दीं।
केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट पर चर्चा संभावित
सीएम यादव का गुरुवार का पूरा दिन दिल्ली में बीतने वाला है। उम्मीद है कि वे कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेंगे और मध्य प्रदेश में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट पर भी चर्चा करेंगे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

