गुरुवार, 30 अप्रैल 2026
Logo
National

शांतिकुंज पहुंचे सीएम शिवराज, बोले - मैं जो कुछ भी बेहतर और श्रेष्ठ कर पा रहा हूं वह आचार्य श्री की कृपा है

अभी-अभी0 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
शांतिकुंज पहुंचे सीएम शिवराज, बोले - मैं जो कुछ भी बेहतर और श्रेष्ठ कर पा रहा हूं वह आचार्य श्री की कृपा है
News World Desk
डेस्क रिपोर्टर
News World Desk

हरिद्वार, न्यूज़ वर्ल्ड डेस्क। शांतिकुंज के स्वर्ण जयंती वर्ष के मौके पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एक दिवसीय दौरे पर आज हरिद्वार पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने व्याख्यानमाला को संबोधित करते हुए कहा, मैं जो कुछ भी बेहतर और श्रेष्ठ कर पा रहा हूं, वह परम आदरणीय श्रद्धेय गुरुवर आचार्य श्री राम शर्मा जी की कृपा ही है। जो कमियां हैं, वह मेरी हैं। गुरुदेव की कृपा खूब बरसती है, लेकिन सहेज लेने का हमारा पात्र छोटा है। गुरुवर के चरणों में प्रणाम है।


मुख्यमंत्री ने कहा, हमारी संस्कृति का ज्ञात इतिहास ही 5000 वर्ष से अधिक पुराना है। जब दुनिया में सभ्यताओं का उदय भी नहीं हुआ था, तब हमारे यहां वैदिक ऋचाएं लिख दी गई थीं। अन्य देशों में पत्ते और छाल से तन ढकते थे, तब हमारे यहां विद्या अध्ययन के लिए विश्वविद्यालय थे। उन्होंने कहा - भारत की धरती से विश्व को एकता, प्रेम, दया, सेवा और समर्पण का संदेश गया। हमने अपने विचार किसी पर थोपे नहीं। हमारी संस्कृति वसुधैव कुटुंबकम की है। पूरा विश्व एक परिवार की भांति है जहां वैमनस्यता के लिए कोई स्थान नहीं है। 

उन्होंने कहा, बाल्यावस्था में मुझे सौभाग्य से अखंड ज्योति पढ़ने का अवसर मिला। उसमें लिखे हर शब्द मंत्र की भांति हैं। मुझे आध्यात्म का मार्ग मिला, जिसकी तलाश थी। मैंने परम श्रद्धेय गुरुदेव के निर्देशों पर मां गायत्री की साधना शुरू की और जीवन आनंद से भर गया। उन्होंने कहा, आदरणीय परम श्रद्धेय आचार्य श्रीराम शर्मा जी द्वारा मुझे मंत्र दीक्षा प्रदान करने का वह क्षण आज भी याद है, जब उनके सामने पहुंचते ही उनकी कृपा दृष्टि मुझ पर पड़ी और मेरा पूरा शरीर अपार ऊर्जा से भर उठा। उन्होंने मुझे चंदन का टीका लगाया। 

उन्होंने कहा, परम श्रद्धेय गुरुवर का आशीर्वाद और आरएसएस के संस्कार ने मेरा जीवन ही बदल दिया। गुरुवर की कृपा ऐसी रही कि मुझे सदैव आभास रहता है कि गुरुदेव मुझे देख रहे हैं, आशीर्वाद प्रदान कर रहे हैं। उनके आशीर्वाद से मैं जनसेवा के कार्य में निकल पड़ता हूं। उन्होंने कहा - परम श्रद्धेय गुरुवर का आशीर्वाद और कृपा हमेशा जीवन के कठिन क्षणों में भी मेरा मार्गदर्शन करता रहा है। मेरा अनुभव है कि जब भी जनसेवा, लोककल्याण के मार्ग में दुविधा आई, बाधाएं आई, तब गुरुदेव की चमकती आंखों ने ही मेरा मार्गदर्शन किया है। 

सीएम ने कहा, पुरानी नींव पर नया निर्माण आवश्यक है। इस नव निर्माण के लिए परोपकारी, देशभक्त, समाज के कल्याण के लिए कार्य करने वाले चाहिए। इसके लिए जो व्यक्ति चाहिए, उसके लिए श्रद्धेय गुरु पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी ने विचारों के माध्यम से राह दिखाई। श्रद्धेय गुरु पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी मध्य प्रदेश के होशंगाबाद में पधारे और मुझे उनके दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। सच कहूं तो वह क्षण मेरी जिंदगी को बदलने वाला था। 

उन्होंने कहा - राजनीति में आने से पूर्व अन्याय के विरुद्ध मैंने पदयात्रा की और लोग जुड़ते गये। श्रद्धेय गुरु पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य जी की प्रेरणा से लोगों की जिंदगी को बेहतर बनाने के लिए जीवन के एक एक क्षण का उपयोग करने का प्रयास कर रहा हूं। मुख्यमंत्री ने कहा, प्रधानमंत्री जी कई मामलों में दुनिया का नेतृत्व कर रहे हैं, जिसमें पर्यावरण संरक्षण भी शामिल है। उन्होंने नारा दिया "One World One Sun One grid". प्रधानमंत्री जी का पर्यावरण संरक्षण की दिशा में दृष्टिकोण अद्भुत है। 

अंत में मुख्यमंत्री ने कहा - परम श्रद्धेय गुरुवर आचार्य श्रीराम शर्मा जी के आशीर्वाद से मैं पूरे विश्वास के साथ कह रहा हूं कि विश्व को शांति का पथ हमारा देश भारत ही दिखाएगा और हम सभी को इसमें सहभागी होने का सौभाग्य प्राप्त होगा।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें