भोपाल/भंडारा। महाराष्ट्र के गोंदिया-भंडारा लोकसभा कलस्टर प्रभारी और मध्यप्रदेश के पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने शनिवार को भंडारा के साकोली एक विशाल आमसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज को तोड़ने के लिए ही जातिगत जनगणना की मांग कर रही है। डॉ. मिश्रा ने जातिगत जनगणना को लेकर राहुल गांधी पर तीखे कटाक्ष किए।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू व राज्यसभा सांसद प्रफुल्ल पटेल की उपस्थिति में डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने साकोली विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अविनाश ब्राम्हणकर के समर्थन में आमसभा को संबोधित किया। डॉ. मिश्रा ने कांग्रेस व राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि आज राहुल बाबा संविधान बचाने का झूठा प्रलाप करते घूम रहे हैं,जबकि इनके ही नेहरू-गांधी परिवार ने एक-दो बार नहीं, 70 बार बाबा साहेब के मूल संविधान में संशोधन कर छेड़छाड़ की है।
कांग्रेस का एक ही काम है, झूठ बोलकर भ्रम फैलाना
डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस का एक ही काम है, झूठ बोलकर भ्रम फैलाना। आरक्षित वर्ग को इसने हमेशा झूठ बोलकर बरगलाया है और वोट लिए हैं। आज फिर एक बार संविधान बदलने के नाम पर आरक्षित वर्ग को कांग्रेस गुमराह करने का प्रयास कर रही है। इससे पहले चुनाव में भ्रम फैलाया था कि भाजपा व मोदी जीत गए तो आरक्षण खत्म कर देंगे। उससे पहले चुनाव में कहा था कि भाजपा जीती तो एससी-एसटी एक्ट खत्म कर देंगे। आप सब बताए ऐसा हुआ क्या? यह कांग्रेस वाले हर चुनाव में नया झूठ लेकर आ जाते हैं और हम में से कुछ लोग उनकी बातों में आ जाते हैं।
राहुल बाबा को मूल संविधान में छेड़छाड़ करने के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए
डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि इस समय राहुल बाबा संविधान कि पुस्तक लिए घूम रहे हैं और भ्रम फैला रहे हैं कि भाजपा जीती तो संविधान बदल देगी। जबकि सच यह है कि राहुल बाबा का परिवार ही अब तक बाबा साहेब के मूल संविधान में 70 बार संशोधन कर चुका है। जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गाँधी के समय ही यह संशोधन हुए हैं। विडम्बना देखिए संविधान में इतने संशोधन करने वाले ही संविधान बदलने का आरोप भाजपा पर लगाते घूम रहे हैं। राहुल बाबा को तो मूल संविधान में छेड़छाड़ करने के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

