मंगलवार, 05 मई 2026
Logo
National

DGP/IGP Conference 2021 : गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल पर दिया जोर

अभी-अभी0 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
DGP/IGP Conference 2021

DGP/IGP Conference 2021

News World Desk
डेस्क रिपोर्टर
News World Desk

लखनऊ, न्यूज़ वर्ल्ड डेस्क। देश के गृह मंत्री अमित शाह (Home Minister Amit Shah) ने आज (नवंबर 19) लखनऊ में 56वें पुलिस महानिदेशक/महानिरीक्षक सम्मेलन का उदघाटन किया। इस वर्ष, पहली बार यह सम्मेलन हाइब्रिड मोड में किया जा रहा है। सभी राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के पुलिस महानिदेशक और CAPFs के प्रमुख, लखनऊ पुलिस मुख्यालय से इस सम्मेलन में सम्मिलित हो रहे हैं। वहीं लगभग 350 अन्य अधिकारी, विभिन्न राज्यों में स्थित IB कार्यालयों से वर्चुअल प्लैटफ़ार्म के जरिए इस सम्मेलन में शामिल हो रहे हैं।  


देश के 3 सर्वश्रेष्ठ थानों को दी ट्रॉफी
सम्मेलन का उदघाटन करते हुए, गृह मंत्री ने कोविड महामारी के दौरान सुरक्षा बलों द्वारा निभाई गई भूमिका और उनके त्याग की सराहना की। उन्होंने आसूचना ब्यूरो के अधिकारियों को सराहनीय सेवा के लिए पुलिस मेडल प्रदान किए। देश के 3 सर्वश्रेष्ठ थाने - दिल्ली के सदर बाजार, ओडिशा के गंगापुर और हरियाणा के भटटू  कलां को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।  

निचले स्तर के अधिकारियों तक सूचनाओं का बेहतर प्रसार होगा :  गृह मंत्री 
गृह मंत्री ने राज्य पुलिस तथा केंद्रीय एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल पर ज़ोर देते हुए प्रतिनिधियों से कहा कि वे सम्मेलन में दिए गए सुझावों पर समयबद्ध तरीके से अमल करें। उन्होने तटीय सुरक्षा, वामपंथी उग्रवाद, नारकोटिक्स, साइबर क्राइम तथा सीमा प्रबंधन जैसे सुरक्षा संबंधित विषयों पर ध्यान केंद्रित करने पर ज़ोर दिया।  उन्होने प्रधानमंत्री के निर्देशों के अनुसार, हाइब्रिड तरीके से सम्मेलन के आयोजन की सराहना की और कहा कि इससे निचले स्तर के अधिकारियों तक सूचनाओं का बेहतर प्रसार हो सकेगा। उन्होने प्रभावी पुलिस व्यवस्था के लिए पुलिस थानों और बीट स्तर के सुधारों पर ज़ोर दिया।  

NATGRID ने दिया प्रजेंटेशन
सम्मेलन के दौरान आंतरिक सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई जिनमें जेल सुधार, कट्टरवाद से मिल रही चुनौतियाँ तथा पुलिस प्रशिक्षण जैसे विषय शामिल थे।  NATGRID ने भी सम्मेलन में एक प्रजेंटेशन दिया। इस प्रजेंटेशन का मुख्य ध्येय, चुनौतियों को उजागर करना और उनसे निपटने के लिए भावी दिशानिर्देश तय करना था।   
वर्ष 2014 से पुलिस महानिदेशक/महानिरीक्षक सम्मेलन, देश के विभिन्न भागों में आयोजित किया जा रहा है।  

अगले दो दिन पीएम होंगे कार्यक्रम में शामिल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली से बाहर आयोजित सम्मेलनों में नियमित रूप से शामिल हो रहे हैं।  समय के साथ, सम्मेलन के प्रारूप में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं, जैसे कि अवधि तथा इनके आयोजन का तरीका। सम्मेलन की तैयारी के दौरान, आंतरिक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए, विभिन्न राज्यों के पुलिस महानिदेशकों को शामिल कर, अनेक कोर ग्रुप गठित किए गए।  इस वर्ष पहली बार, सम्मेलन में चर्चा किए जाने वाले समसामयिक सुरक्षा मुद्दों पर राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के 200 से अधिक विभिन्न वरिष्ठता के अधिकारियों से उनके विचार मांगे गए। बतादें अगले दो दिन प्रधानमंत्री मोदी भी इस सम्मेलन में शामिल होंगे।  

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें