
नई दिल्ली, न्यूज़ वर्ल्ड डेस्क। देश को द्रौपदी मुर्मू के रूप में 15वीं राष्ट्रपति मिल चुकी है। इस सर्वोच्च संवैधानिक पद पर पहुंचने वाली देश की पहली आदिवासी और दूसरी महिला राष्ट्रपति होंगी। तीन राउंड की मतगणना में ही NDA की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू ने विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को काफी पछाड़ दिया है। तीसरे दौर की मतगणना के अंत में कुल वैध मतों के 50 प्रतिशत अंक को पार कर लिया, जो देश के अगले राष्ट्रपति बनने के लिए काफी है। मुर्मू के पक्ष में 577777 वोट पड़े। जबकि यशवंत सिन्हा के पक्ष में 261062 वोट मिले।उन्होंने अपनी हार स्वीकार करते हुए द्रौपदी मुर्मू को ट्वीट कर बधाई दी है।
मुर्मू की जीत पर बधाई देने वालों तांता शुरू हो गया है। पीएम मोदी उन्हें बधाई देने उनके घर पहुंचे हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें बधाई दी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मुर्मू को बधाई देने उनके आवास पहुंचे है। विपक्षी पार्टियों के नेताओं ने भी द्रौपदी मुर्मू को जीतने पर बधाई दी है। राहुल गांधी ने लिखा कि देश का 15वां राष्ट्रपति बनने पर द्रौपदी मुर्मू को बधाई। वहीं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने लिखा कि देश के 15वें राष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित होने पर आदरणीय द्रौपदी मुर्मू को बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं। उधर द्रौपदी मुर्मू की जीत पर उनके पैतृक स्थान ओडिशा के रायरंगपुर गांव में जश्न चल रहा है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

