
अयोध्या। राम मंदिर में विराजमान रामलला अब दोपहर में एक घंटे दर्शन नहीं देंगे। इस दौरान रामलला अब विश्राम करेंगे। राम मंदिर में आने वाली भारी भीड़ के कारण भोर से देर रात तक रामलला अभी दर्शन दे रहे हैं। दोपहर में ज्यादातर प्रमुख मंदिर बंद रहते हैं लेकिन रामलला का मंदिर खुला ही रहता है। इसे लेकर अयोध्या के संत समाज ने नाराजगी भी जताई थी। अब तय किया गया है कि रामलला के दर्शन अवधि में आज 16 फरवरी यानी अचला सप्तमी के पर्व से दोपहर एक घंटे की कटौती हो जाएगी।
रामलला दोपहर साढ़े 12 बजे से डेढ़ बजे के बीच विश्राम करेंगे और मंदिर का पट बंद रहेगा। लगातार 15 घंटे की दर्शन अवधि के कारण रामलला को विश्राम का समय नहीं मिल रहा था। इस पर अयोध्या के संत समाज ने आपत्ति जताई थी। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के पदाधिकारी भी मान रहे थे कि बाल स्वरूप रामलला को भोर में चार बजे जागरण कराने के बाद विश्राम न कराना अव्यावहारिक है। इसके कारण निर्णय लिया गया कि 16 फरवरी से दर्शन की अवधि में एक घंटे की कटौती की जाएगी। इस बीच रामलला के शयन के समय के लिए भी अलग परिधान व टोपियां भी मंगवाई गई है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

