बुधवार, 20 मई 2026
Logo
National

Heatwave Alert: MP समेत 22 शहरों में पारा 45°C पार, अगले 7 दिन झुलसाएगी गर्मी

20 मई, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
Heatwave Alert: MP समेत 22 शहरों में पारा 45°C पार, अगले 7 दिन झुलसाएगी गर्मी
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में गर्मी अब खतरनाक स्तर पर पहुंच चुकी है। मंगलवार को दिल्ली, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और महाराष्ट्र समेत 22 शहरों में तापमान 45°C के पार रिकॉर्ड किया गया। निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक मई के बाकी दिनों में भी राहत मिलने के आसार बेहद कम हैं। मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में पारा लगातार 45°C से ऊपर बना रह सकता है।


यूपी का बांदा लगातार तीसरे दिन सबसे गर्म

उत्तर प्रदेश का बांदा एक बार फिर देश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां मंगलवार को तापमान 48.2°C दर्ज किया गया। इससे पहले भी लगातार दो दिन यहां तापमान 46°C के आसपास रहा था। बांदा में 15 मई 2022 को 49°C तापमान रिकॉर्ड किया गया था, जो अब तक का सबसे बड़ा रिकॉर्ड है।


दिल्ली में 2 साल की सबसे भीषण गर्मी

राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 45.1°C पहुंच गया, जो पिछले दो साल में सबसे ज्यादा माना जा रहा है। दिल्ली का रिज इलाका सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 46.5°C रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग के अनुसार यह इस साल का चौथा हीटवेव डे था।


अगले एक हफ्ते तक नहीं मिलेगी राहत

स्काईमेट के मुताबिक फिलहाल कोई मजबूत वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय नहीं है। यही वजह है कि उत्तर और मध्य भारत में गर्म हवाएं लगातार चल रही हैं। मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और छत्तीसगढ़ में अगले एक सप्ताह तक शुष्क और बेहद गर्म मौसम रहने की चेतावनी दी है।


शहरों में ‘फील टेंपरेचर’ और ज्यादा खतरनाक

विशेषज्ञों के अनुसार लोगों को जो गर्मी महसूस हो रही है, वह वास्तविक तापमान से 2°C से 4°C ज्यादा है। क्लाइमेट एक्सपर्ट्स का कहना है कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण और कंक्रीट संरचनाओं के कारण शहरों में हीट फील फैक्टर तेजी से बढ़ रहा है। यही वजह है कि लोग ज्यादा बेचैनी और गर्मी महसूस कर रहे हैं।


पंजाब-हरियाणा में भी रिकॉर्ड तोड़ गर्मी

पंजाब के फरीदकोट में तापमान 47.3°C तक पहुंच गया। हरियाणा के रोहतक में 46.9°C और नारनौल में 45°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। चंडीगढ़ में भी पारा 43.2°C तक पहुंचा, जो सामान्य से करीब 4°C ज्यादा है।


अगले 48 घंटे के लिए बड़ा अलर्ट

21 मई:

राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और तेलंगाना में हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में रात में भी गर्म हवाएं चल सकती हैं।


22 मई:

मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, महाराष्ट्र, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश में फिर से हीटवेव की चेतावनी दी गई है। वहीं असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और अंडमान-निकोबार में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में तेज हवाओं और बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें