
नई दिल्ली। चीन में तेजी से फैल रहा ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (एचएमपीवी) अब दुनिया के अन्य हिस्सों में भी पैर पसारने लगा है। भारत में भी इसके संक्रमण के मामले सामने आए हैं। अब तक देश में 6 बच्चे इस वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। अहमदाबाद, बेंगलुरु, चेन्नई और कोलकाता से इन मामलों की पुष्टि हुई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस संक्रमण से निपटने की तैयारी का भरोसा दिलाया है। वहीं, कर्नाटक, गुजरात और महाराष्ट्र की सरकारों ने लोगों को घबराने की जरूरत नहीं बताते हुए सतर्क रहने की अपील की है। दिल्ली सरकार ने राजधानी के सभी अस्पतालों को तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।
भारत में वायरस की स्थिति
बेंगलुरु: तीन महीने की बच्ची, जिसे ब्रोंकोन्यूमोनिया था, में एचएमपीवी संक्रमण की पुष्टि हुई। इलाज के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
अहमदाबाद: दो महीने के बच्चे में एचएमपीवी का पता चला। बच्चा राजस्थान के डूंगरपुर का निवासी है। गंभीर स्थिति के कारण उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था, लेकिन अब उसकी हालत स्थिर है।
चेन्नई: दो बच्चों में वायरस की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य अधिकारी उनकी देखभाल में जुटे हुए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि एचएमपीवी भारत और दुनिया के कई देशों में पहले से मौजूद है। मंत्रालय लगातार इस स्थिति की निगरानी कर रहा है और उचित कदम उठाए जा रहे हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

