
नई दिल्ली। देशभर में गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इस बार सिर्फ दिन में ही नहीं, बल्कि रात में भी तापमान खतरनाक स्तर पर बना हुआ है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक गुरुवार को देश के 35 शहरों में रात का तापमान 30°C से ज्यादा दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा गर्म रात राजस्थान के हनुमानगढ़ में रही, जहां न्यूनतम तापमान 33.7°C तक पहुंच गया। लगातार बढ़ती गर्मी अब लोगों की नींद और सेहत दोनों पर असर डाल रही है।
24 शहरों में पारा 45°C के पार
देश का आधे से ज्यादा हिस्सा इस वक्त भीषण गर्मी की चपेट में है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली और राजस्थान समेत 10 राज्यों के 24 शहरों में तापमान 45°C से ज्यादा दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश का बांदा लगातार पांचवें दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 47.6°C रिकॉर्ड किया गया। वहीं छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में भी पारा 47°C तक पहुंच गया।
UP में रेड अलर्ट, बिहार में स्कूल बंद
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों के लिए हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। गर्म हवाओं और ऊंचे तापमान को देखते हुए प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है। बिहार में पटना और गया जैसे शहरों में गर्मी की वजह से 22 से 26 मई तक पांचवीं कक्षा तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं। इससे बच्चों को तेज गर्मी से बचाने की कोशिश की जा रही है।
बारिश और बिजली गिरने से भी खतरा
जहां कई राज्य भीषण गर्मी से जूझ रहे हैं, वहीं कुछ इलाकों में मौसम ने अलग मुसीबत खड़ी कर दी। बिहार के मधेपुरा और सहरसा में गुरुवार को बारिश के दौरान बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले इलाकों और पेड़ों के नीचे खड़े न होने की सलाह दी है।
23 मई को इन राज्यों में हीटवेव का खतरा
23 मई को राजस्थान में गंभीर हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। यहां दिन के साथ-साथ रातें भी बेहद गर्म रहने की संभावना है। इसके अलावा छत्तीसगढ़, हरियाणा, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में भी लू चल सकती है। दूसरी ओर असम, मेघालय, केरल और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
24 मई को भी राहत के आसार नहीं
24 मई को भी बिहार, दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब, राजस्थान और तेलंगाना में हीटवेव जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिम बंगाल, ओडिशा और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में उमसभरी गर्मी बनी रहेगी। वहीं आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और झारखंड में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान आ सकता है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

