
जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के लाठी-दर्दिया इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच गुरुवार, 29 अगस्त की सुबह मुठभेड़ शुरू हो गई है। सुरक्षाबलों को ख्वास तहसील के इस इलाके में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिली। इसके बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान, गोलीबारी शुरू हो गई। सुरक्षाबलों ने भी ट्रेसर राउंड के साथ कुछ गोलियां चलाईं। फिलहाल, इस इलाके में दो आतंकियों के छिपे होने का संदेह है, हालांकि, आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
तंगधार में भी हुआ मुठभेड़
इस मुठभेड़ से एक दिन पहले, बुधवार (28 अगस्त) को जम्मू-कश्मीर कुपवाड़ा जिले के तंगधार इलाके में भी सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। सुरक्षाबलों को आतंकियों के मौजूद होने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया गया। इस मुठभेड़ के दौरान सुरक्षाबलों ने आतंकियों से सामना किया और भारी गोलीबारी हुई।
पुंछ के शिंदारा सेक्टर से मिले चीनी ग्रेनेड
राजौरी मुठभेड़ के दौरान, सेना ने पुंछ जिले के शिंदारा सेक्टर के डाची जंगल से 6 चीनी ग्रेनेड बरामद किए। यह बरामदगी सुरक्षाबलों के लिए एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। इससे साफ होता है कि आतंकी किसी बड़ी साजिश की तैयारी में थे। इस इलाके में भी सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान चलाया और आतंकियों के ठिकानों की जांच की।
घटनास्थल पर तलाशी अभियान जारी
राजौरी के लाठी-दर्दिया इलाके में मुठभेड़ के बाद से सुरक्षाबलों का तलाशी अभियान जारी है। इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और किसी को भी आने-जाने की इजाजत नहीं है। सुरक्षाबलों ने इलाके को चारों ओर से घेर रखा है और हर संभावित ठिकाने की जांच की जा रही है। इस अभियान में पुलिस और सेना के संयुक्त बल शामिल हैं। आतंकियों की तलाश में ड्रोन और स्निफर डॉग्स का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।
इस साल जम्मू-कश्मीर में बढ़ी आतंकी घटनाएं
जम्मू-कश्मीर में इस साल आतंकी गतिविधियों में बढ़ोतरी देखी गई है। कई इलाकों में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ की खबरें आई हैं। इस दौरान कई जवान शहीद भी हुए हैं। हालांकि, सुरक्षाबलों ने आतंकियों के खिलाफ बड़ी सफलता भी हासिल की है। कई आतंकी मार गिराए गए हैं और उनके ठिकानों को नष्ट कर दिया गया है। फिर भी, आतंकी घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

