
नई दिल्ली। 1 जुलाई से आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े कई अहम नियम बदल गए हैं। इन बदलावों का असर रसोई गैस, ईंधन, पासपोर्ट, रेलवे, आधार, हवाई यात्रा और नई कार खरीदने तक पर पड़ेगा। एक ओर कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम घटाए गए हैं और डीजल खरीद पर लगी सीमा हटा दी गई है, वहीं पासपोर्ट बनवाना, बिना टिकट ट्रेन यात्रा करना और नई कार खरीदना अब पहले से महंगा हो गया है।
कॉमर्शियल गैस सिलेंडर हुआ सस्ता
तेल कंपनियों ने कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में औसतन ₹180 की कटौती की है। दिल्ली में इसकी नई कीमत ₹2,930 हो गई है, जबकि पहले यह ₹3,113.50 में मिल रहा था। 14 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
नायरा एनर्जी ने पेट्रोल-डीजल के दाम घटाए
नायरा एनर्जी ने पेट्रोल ₹5 प्रति लीटर और डीजल ₹3 प्रति लीटर सस्ता कर दिया है। भोपाल में अब नायरा के पेट्रोल की कीमत ₹119.79 प्रति लीटर और डीजल ₹99.57 प्रति लीटर हो गई है। कंपनी के देशभर में 7,000 से अधिक पेट्रोल पंप हैं।
डीजल भरवाने की सीमा खत्म
1 जुलाई से पेट्रोल पंपों पर एक वाहन में प्रतिदिन 200 लीटर डीजल भरवाने की सीमा समाप्त कर दी गई है। अब वाहन मालिक अपनी आवश्यकता के अनुसार डीजल भरवा सकेंगे। पेट्रोलियम मंत्रालय ने 11 जून को ईंधन की कमी के चलते यह प्रतिबंध लगाया था, जिसे 29 जून के आदेश के बाद हटा दिया गया। पिछले 18 दिनों से बड़े उपभोक्ता केवल बल्क सेल प्वाइंट से ईंधन खरीद रहे थे।
पासपोर्ट बनवाना और री-इश्यू कराना महंगा
केंद्र सरकार ने 1 जुलाई से पासपोर्ट शुल्क बढ़ा दिया है। 2012 के बाद पहली बार फीस में बदलाव किया गया है। अब सामान्य पासपोर्ट बनवाने या री-इश्यू कराने के लिए ₹1,500 की जगह ₹2,500 शुल्क देना होगा। अलग-अलग श्रेणियों में नागरिकों को ₹1,000 से ₹2,000 तक अधिक भुगतान करना पड़ सकता है।
बिना टिकट ट्रेन यात्रा पर बढ़ा जुर्माना
रेल मंत्रालय ने बिना टिकट यात्रा पर लगने वाले न्यूनतम जुर्माने को ₹250 से बढ़ाकर ₹500 कर दिया है। अब पकड़े जाने पर यात्री को वास्तविक किराए के साथ कम से कम ₹500 अतिरिक्त देना होगा। मामला अदालत तक पहुंचने और दोष सिद्ध होने पर 6 महीने तक की जेल, ₹1,000 तक जुर्माना या दोनों सजा का प्रावधान भी है।
आधार में ईमेल अपडेट छह महीने तक मुफ्त
UIDAI ने आधार कार्ड में ईमेल एड्रेस अपडेट करने पर लगने वाला ₹75 का शुल्क समाप्त कर दिया है। यह सुविधा 31 दिसंबर 2026 तक निशुल्क उपलब्ध रहेगी। इसके बाद शुल्क दोबारा लागू किया जाएगा।
एटीएफ हुआ सस्ता
सरकार ने एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमत में ₹5 प्रति लीटर की कटौती की है। नई कीमत ₹110 प्रति लीटर हो गई है। इससे एयरलाइंस के परिचालन खर्च में कमी आ सकती है।
नई कार खरीदना हुआ महंगा
कई ऑटोमोबाइल कंपनियों ने 1 जुलाई से वाहनों की कीमतें बढ़ा दी हैं।
- किया इंडिया ने अपने मॉडल्स की कीमतों में 2% तक बढ़ोतरी की है।
- टाटा मोटर्स ने कीमतों में 1.5% तक इजाफा किया है।
इसका असर पारंपरिक ईंधन वाली कारों के साथ-साथ इलेक्ट्रिक वाहनों की कीमतों पर भी पड़ेगा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

