
डेस्क रिपोर्टर
News World Desk
बैंगलुरु, न्यूज़ वर्ल्ड डेस्क। कोरोना के संक्रमण को रोकने के लिए कर्नाटक सरकार ने वीकएंड कर्फ्यू लागू किया था, लेकिन अब इसे हटा लिया गया है। हालांकि रात का कर्फ्यू हर रोज रात 10:00 बजे से सुबह 5:00 बजे के बीच जारी रहेगा। राज्य सरकार का यह फैसला तब आया है जब प्रदेश में गुरुवार को कोरोना के मामलों में भारी वृद्धि दर्ज की गई।
पिछले 24 घंटों में आए 47,754 मरीज
बतादें, कर्नाटक ने गुरुवार को कोरोना के 47,754 नए मामले दर्ज किए और 29 मौतें हुई। यहां अब संक्रमण का आंकड़ा बढ़ कर 33,76,953 हो गया है और मरने वालों की कुल संख्या 38,515 हो गई है। राज्य में मंगलवार को 41,457 और बुधवार को 40,499 नए मामले सामने आए थे। आज के नए मामलों में से 30,540 बेंगलुरु अर्बन में आए। उधर राज्य भर में सक्रिय मामलों की कुल संख्या अब 2,93,231 हो गई है।
मरीज बढ़े तो फिर से लग सकता है वीकएंड कर्फ्यू
राज्य के सीएम बसवराज बोम्मई, जो हाल ही में कोरोना से उबरे थे, ने बुधवार को संकेत दिया था कि राज्य में जल्द ही प्रतिबंधों में ढील दी जा सकती है। इस बीच, राजस्व मंत्री आर अशोक ने कहा कि कोई भी निर्णय लेते समय लोगों के जीवन और आजीविका दोनों पर विचार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि, वर्तमान में संक्रमितों के अस्पतालों में भर्ती होने की दर करीब 5 प्रतिशत है। अगर यह बढ़ती है तो हम साप्ताहिक कर्फ्यू फिर से लागू करेंगे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

