शुक्रवार, 24 अप्रैल 2026
Logo
National

LIVE Lok Sabha 7th Phase Voting : दोपहर 3 बजे तक हुई 49.68℅ वोटिंग, सबसे ज्यादा झारखण्ड में और सबसे कम बिहार में

01 जून, 20240 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
LIVE Lok Sabha Voting : 8 राज्यों की 57 सीटों पर वोटिंग शुरू, तीसरी बार वाराणसी से मैदान में पीएम मोदी

LIVE Lok Sabha Voting : 8 राज्यों की 57 सीटों पर वोटिंग शुरू, तीसरी बार वाराणसी से मैदान में पीएम मोदी

Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 का आज, 1 जून को अंतिम रण है। 7वें यानी अंतिम फेज के लिए आज, शनिवार को 7 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 57 सीटों पर सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है। दोपहर 3 बजे तक 49.68℅ मतदान हुआ है। सबसे ज्यादा 60.14% वोटिंग झारखंड में हुई है, सबसे कम 42.95% वोटिंग बिहार में हुई है।


दोपहर 3 बजे तक यहां हुई इतनी वोटिंग  

बिहार में 42.95%

चडीगढ़ में 52.61%

हिमाचल में 58.41%

झारखंड में 60.14%

ओडिशा में 49.77%

पंजाब में 46.38%

उत्तर प्रदेश में 46.83%

पश्चिम बंगाल में 45.07%


सीएम योगी ने डाला वोट 

सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में अपना वोट डाला। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की आध्यात्मिक पूजा राष्ट्र को समर्पित है। भ्रष्टाचार और दुराचार में लिप्त लोग इसका महत्व नहीं समझ सकते। इसे समझने के लिए भारत और भारत के सनातन मूल्यों में आस्था रखने की जरूरत है और हम विश्वास के साथ कह सकते हैं कि पीएम मोदी की साधना और भक्ति भी राष्ट्र पूजा का ही हिस्सा है और इसका लाभ भी देश को मिलेगा। 


हिमाचल प्रदेश में पीएम मोदी की लहर : कंगना 

मंडी से भाजपा उम्मीदवार कंगना रनौत ने अपना वोट डाला। कंगना ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पीएम मोदी की लहर है। हम राज्य की सभी 4 सीटें जीतेंगे। हिमाचल प्रदेश की 4 सीटें '400 पार' में योगदान देंगी। पंजाब में पूर्व भारतीय क्रिकेटर और आप के राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने जालंधर के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। उन्होंने लोगों से वोटिंग की अपील की।


नड्डा ने पत्नी संग डाला वोट 

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपनी पत्नी मल्लिका नड्डा के साथ मतदान करने से पहले हिमाचल के बिलासपुर में अपने आवास के पास एक मंदिर में पूजा-अर्चना की। आप सांसद राघव चड्ढा ने आनंदपुर साहिब निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर, लखनौर में एक मतदान केंद्र पर मतदान किया। उधर पंजाब में मोहाली के एक मतदान केंद्र पर लड़कियों ने गिद्दा किया और लोगों से मतदान में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।


वाराणसी पर होगी सबकी नजर 

सातवें चरण में वाराणसी में भी वोट डाले जाने हैं। वाराणसी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संसदीय सीट है। वह यहां तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। मोदी यहां हैट्रिक बनाने के लिए मैदान में हैं। उनका मुख्‍य मुकाबला कांग्रेस के यूपी प्रदेश अध्‍यक्ष अजय राय से हैं। बसपा के अतहर जमाल भी मैदान में हैं।


904 उम्मीदवार मैदान में है 

चुनाव आयोग के मुताबिक, इस फेज में 904 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 809 पुरुष और 95 महिला प्रत्याशी हैं। बड़े चेहरों खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, 3 केंद्रीय मंत्री- आरके सिंह, रविशंकर प्रसाद, अनुराग ठाकुर के अलावा कंगना रनौत, रवि किशन, पवन सिंह, काजल निषाद, ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी, अफजाल अंसारी, विक्रमादित्य सिंह चुनाव लड़ रहे हैं। 


मुकेश दलाल निर्विरोध चुनाव जीत चुके हैं

542 लोकसभा सीटों के लिए छठे फेज तक 485 सीटों पर मतदान हो चुका है। गुजरात में सूरत से भाजपा उम्मीदवार रहे मुकेश दलाल निर्विरोध चुनाव जीत चुके हैं। इसलिए वोटिंग 542 सीटों पर ही हो रही है। 


2019 में सबसे ज्यादा भाजपा ने जीती थी सीटें

जिन सीटों पर 7वें फेज में हो रही है, 2019 के चुनाव में सबसे ज्यादा 25 सीटें भाजपा ने जीती थीं। वहीं, टीएमसी ने 9, बीजद ने 4, जदयू और अपना दल ने 2-2 और जेएमएम ने एक सीट जीती थी। कांग्रेस केवल पंजाब में 8 सीटें जीतने में कामयाब रही थी। 


7वें फेज की अहम बातें

ADR की रिपोर्ट के मुताबिक, 7वें फेज के कुल उम्मीदवारों में से 199 कैंडिडेट पर क्रिमिनल केस दर्ज हैं। 

155 उम्मीदवारों पर हत्या, किडनैपिंग जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। 

13 उम्मीदवारों को किसी न किसी मामले में दोषी ठहराया गया है।

4 उम्मीदवारों पर हत्या और 21 पर हत्या की कोशिश के मामले दर्ज हैं।

27 उम्मीदवारों पर महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले दर्ज हैं।

3 उम्मीदवारों के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज है। 

25 कैंडिडेट्स पर हेट स्पीच का केस दर्ज है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें