
मप्र भोज मुक्त विवि प्रदेश के 134 सरकारी कॉलेजों में नए अध्ययन केंद्र खोलने जा रहा है, जो आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी। इन केंद्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को ऑनलाइन अध्ययन की सुविधा मिल सकेगी। यह बात उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव ने मिंटो हॉल में मध्यप्रदेश भोज मुक्त विश्वविद्यालय एवं शासकीय महाविद्यालयों के अनुबंध समारोह में कही। कार्यक्रम के शुभारंभ से पहले उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव एवं उपस्थित जनों ने सीधी में हुई बस दुर्घटना में मृतकों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा और उन्हें श्रद्धांजलि दी।
उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि राजा भोज को हर क्षेत्र का ज्ञान था। इसे ध्यान में रखकर भोज मुक्त विश्वविद्यालय की स्थापना हुई है। नई शिक्षा नीति के क्रियान्वयन में विश्वविद्यालय की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। मंत्री ने श्रीरामचरितमानस से सामाजिक विकास पाठ्यक्रम एवं भोज कैलेंडर का विमोचन किया। कार्यक्रम में 134 नए अध्ययन केंद्र खोले जाने के लिए भोज मुक्त विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों के मध्य अनुबंध-पत्र आदान-प्रदान किए गए। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव अनुपम राजन ने कहा कि दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को अध्ययन की सुविधा देने की दिशा में लगातार प्रयास जारी हैं। इस अवसर पर कार्यक्रम में भोज विवि के कुलपति डॉ जयंत सोनवलकर सहित उच्च शिक्षा विभाग के अपर आयुक्त चंद्रशेखर वालिम्बे, क्षेत्रीय निदेशक, अतिरिक्त संचालक, प्राचार्य एवं अन्य लोग उपस्थित थे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

