रविवार, 03 मई 2026
Logo
National

माफिया अतीक अहमद का बेटा असद और शूटर गुलाम एनकाउंटर में ढेर, यूपी STF ने झांसी में मार गिराया

अभी-अभी0 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
माफिया अतीक अहमद का बेटा असद और शूटर गुलाम एनकाउंटर में ढेर, यूपी STF ने झांसी में मार गिराया

माफिया अतीक अहमद का बेटा असद और शूटर गुलाम एनकाउंटर में ढेर, यूपी STF ने झांसी में मार गिराया

News World Desk
डेस्क रिपोर्टर
News World Desk

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस ने गुरुवार को उमेश पाल हत्याकांड के आरोपी असद और उसके साथी  गुलाम को एक एनकाउंटर में मार गिराया है। असद माफिया अतीक अहमद का बेटा है जो उमेश पाल हत्याकांड के बाद से फरार था। असद और गुलाम पर पांच लाख रुपए का ईनाम था। बताया जा रहा है कि एसटीएफ ने झांसी में इनका एनकाउंटर किया है। दोनों के पास से कुछ विदेशी हथियार बरामद हुए हैं। दोनों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए हैं।


सीएम योगी ने की STF की तारीफ

यूपी एसटीएफ  के डीएसपी नवेंदु और डीएसपी विमल के नेतृत्व में टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एनकाउंटर पर यूपी एसटीएफ की सराहना की है। उधर, उमेश पाल की मां ने भी इस कार्रवाइई को सही बताया है। यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा- हमारा संकल्प है कि हम उत्तर प्रदेश से गुंडे माफिया और अपराधियों को खत्म करेंगे। उन्होंने कहा कि एनकाउंटर को लेकर जल्द ही पूरा ब्योरा साझा करेंगे। उन्होंने कहा कि अपराधी प्रदेश में खुले नहीं घूम सकेंगे।


अतीक और उसका भाई कड़ी सुरक्षा में कोर्ट में पेश

इधर, अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ को उमेश पाल हत्याकांड के सिलसिले में गुरुवार को प्रयागराज की एक अदालत में पेश किया गया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट दिनेश गौतम की अदालत में पेश करने के लिए अतीक को यहां गुजरात की उच्च सुरक्षा वाली साबरमती सेंट्रल जेल से प्रयागराज लाया गया। उसके भाई खालिद अजीम उर्फ अशरफ को बरेली की एक जेल से सड़क मार्ग से प्रयागराज लाया गया।


24 फरवरी को हुई थी उमेश पाल की हत्या

बता दें कि 2005 में बसपा विधायक राजू पाल की हत्या हुई थी। इसके मुख्य गवाह उमेश पाल थे। इसी साल 24 फरवरी (2023) को प्रयागराज में सरेआम उमेश पाल और उनके दो सुरक्षा गार्डों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उमेश पाल की पत्नी जया पाल की तहरीर पर 25 फरवरी को अतीक, उसके भाई अशरफ, पत्नी शाइस्ता परवीन, दो बेटों, साथी गुड्डू मुस्लिम व गुलाम के अलावा 9 अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें