मंगलवार, 21 अप्रैल 2026
Logo
National

मथुरा यमुना एक्सप्रेसवे हादसा: घने कोहरे में 8 बसें और 3 कारें टकराईं, 4 यात्रियों की मौत

16 दिस, 20250 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
मथुरा यमुना एक्सप्रेसवे हादसा: घने कोहरे में 8 बसें और 3 कारें टकराईं, 4 यात्रियों की मौत

मथुरा यमुना एक्सप्रेसवे हादसा: घने कोहरे में 8 बसें और 3 कारें टकराईं, 4 यात्रियों की मौत

Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

उत्तर प्रदेश के मथुरा में मंगलवार रात करीब दो बजे यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा हो गया। आगरा से नोएडा की ओर जा रही 8 बसें और 3 कारें घने कोहरे के चलते आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी वाहनों में आग लग गई। हादसे में 4 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि करीब 25 लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


कहां हुआ हादसा

घटनास्थल थाना बलदेव क्षेत्र में गांव खडे़हरा के पास माइल स्टोन 127 के निकट बताया गया है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।


राहत कार्य और पुलिस कार्रवाई

घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, बसों में सवार अन्य यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक वाहनों की व्यवस्था की गई है। प्रशासन के अनुसार घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।


प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई भयावह तस्वीर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 8 बसें और 3 छोटी कारें आपस में टकरा गईं। टक्कर के बाद कई यात्री वाहनों के अंदर ही फंस गए, जबकि कुछ यात्री नीचे कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। अंदर फंसे यात्रियों की आग में जलकर मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।


कानपुर निवासी सौरभ, जो बस से कूदकर बाहर निकलने में सफल रहे, ने बताया, “कोहरा बहुत घना था, कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। इसी वजह से 8 बसें और करीब 3 कारें आपस में टकरा गईं। टक्कर के बाद वाहनों में आग लग गई।”


जिलाधिकारी मथुरा चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि “हादसे में 5 बस और 2 गाड़ियां आपस में टकरा गईं, जिससे आग लग गई। इस हादसे में 4 लोगों की मृत्यु हुई है। मुख्यमंत्री ने घटना का संज्ञान लिया है। घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए गए हैं और मृतकों को राहत राशि के रूप में 2 लाख रुपए देने के निर्देश हैं।”


यूपी में 17 दिसंबर को भी रहेगा कोहरे का असर

मौसम विभाग के मुताबिक 17 दिसंबर को उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाया रहेगा। पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में भी कोहरे की संभावना है। यही स्थिति 18 दिसंबर तक हिमाचल प्रदेश में भी बनी रह सकती है।


मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके चलते जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 16 से 21 दिसंबर के बीच हल्की बर्फबारी हो सकती है। उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।


CM योगी ने जताया दुख

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए एक्स पर लिखा, “जनपद मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। प्रभु राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने चरणों में स्थान एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें