
नई दिल्ली। सियासत में यात्राओं का खास महत्व है यही कारण है कि 2024 के आम चुनाव से पहले पार्टियों का यात्राओं पर जोर है । बीजेपी हो या कांग्रेस दोनों ने ही इसका मास्टर प्लान तैयार कर लिया है। इसकी शुरुआत बीजेपी ने दिसंबर में विकसित भारत संकल्प यात्रा के नाम से पहले ही कर दी है तो वहीं कांग्रेस भी 14 जनवरी से भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकालने जा रही है।
विकसित भारत संकल्प यात्रा के जरिये हर व्यक्ति से जुड़ने का लक्ष्य रखा
यात्रा देश की सभी ग्राम पंचायतों में जा रही है और लोगों को केंद्र और राज्य की योजनाओं और उसके परिणाम के बारे में बताया जा रहा है। बीजेपी का कहना है कि उसकी इस यात्रा का उद्देश्य सरकार की योजनाओं से होने वाले लाभ से लोगों को परिचित कराना और जिन लोगों को इन योजनाओं का लाभ नहीं मिला उन्हे भी इसके प्रति जागरूक करना है।
वहीं अगर कांग्रेस की बात करें तो वो 14 जनवरी से भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकालने जा रही है, भारत जोड़ो यात्रा कर हाल ही लौटे कांग्रेस नेता राहुल गांधी 14 जनवरी से एक बार फिर पैदल यात्रा पर निकलने जा रहे हैं। इस बार यात्रा का नाम 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' रखा गया है। मणिपुर से शुरू होने वाली इस यात्रा का समापन 5 राज्यों का सफर करने के बाद महाराष्ट्र में होगा।
राहुल की ये यात्रा पूर्वोत्तर के इंफाल से शुरू होकर 20 मार्च को मुंबई में खत्म होगी । यह यात्रा 15 राज्यों के 116 जिलों से गुजरेगी । यात्रा इन 66 दिनों में 6713 किमी की दूरी तय करेगी। कभी गढ़ रहे और आज बेहद कमजोर हो चले उत्तर प्रदेश से यह यात्रा सबसे ज्यादा 11 दिनों तक गुजरेगी।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा मध्यप्रदेश के दो संभाग से निकलेगी। इनमें प्रदेश के मालवा और ग्वालियर चंबल संभाग शामिल है। राजस्थान के धौलपुर से मध्य प्रदेश के मुरैना में यात्रा प्रवेश करेगी। प्रदेश के मुरैना, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना,राजगढ़, आगर मालवा, उज्जैन, रतलाम , झाबुआ से होते हुए राजस्थान के बांसवाड़ा यात्रा जाएगी। यात्रा मध्यप्रदेश में 7 दिनों में 9 जिलों को कवर करेगी। इससे पहले राहुल गांधी ने 2022 में भारत जोड़ो यात्रा निकाली थी जिसकी शुरूआत 7 सितंबर को कन्याकुमारी से की थी 145 दिन की ये यात्रा जो 30 जनवरी को श्रीनगर में समाप्त हुई थी। सवाल बड़ा है क्या लोकसभा चुनाव से पहले राहुल की न्याय यात्रा मोदी के विजय रथ को रोक पाएगी।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

