शुक्रवार, 24 अप्रैल 2026
Logo
National

केरल पहुंचा मानसून! कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट हुआ जारी, जाने अन्य राज्यों में कब पहुंचेगा

30 मई, 20240 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
केरल पहुंचा मानसून! कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट हुआ जारी, जाने अन्य राज्यों में कब पहुंचेगा

केरल पहुंचा मानसून! कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट हुआ जारी, जाने अन्य राज्यों में कब पहुंचेगा

Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

नई दिल्ली। मानसून केरल में आ गया है। मौसम विभाग ने आज गुरुवार को इसकी घोषणा की। मौसम विभाग ने बताया कि आज पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश भागों में मानसून आगे बढ़ गया है। केरल के कोट्टायम जिले के कई हिस्सों में गुरुवार दोपहर बारिश हुई। मौसम विभाग के आधिकारिक अकाउंट से बताया गया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल में आधिकारिक तौर पर दस्तक दे चुका है और आज 30 मई को पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में भी पहुंच गया है।


रेमल चक्रवात की वजह से केरल के तट और नॉर्थ-ईस्ट के कुछ हिस्सों में गुरुवार को ही मानसून आ गया। मौसम विभाग के अनुमान से एक दिन पहले ही मानसून आ गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि चक्रवात की वजह से मानसून की हवाएँ बंगाल की खाड़ी की तरफ खिंच गईं, जिसकी वजह से नॉर्थ-ईस्ट में मानसून जल्दी आ गया है।


रेमल नाम का चक्रवाती तूफान रविवार को पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश के किनारे से टकराया था। मौसम विभाग ने कहा है कि, "दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल में आ चुका है और आज यानी 30 मई 2024 को पूर्वोत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में चला गया है।"


इससे पहले 15 मई को मौसम विभाग ने कहा था कि मानसून 31 मई को केरल में दस्तक देगा। केरल में पिछले कुछ दिनों से बहुत ज़्यादा बारिश हो रही है, जिसकी वजह से मई में ही बहुत ज़्यादा बारिश हो गई है।


केरल में मानसून के आगमन की सामान्य तिथि 1 जून है और अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, नगालैंड, मेघालय, मिजोरम, मणिपुर और असम में मानसून के आगमन की तिथि पाँच जून है। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी दिल्ली में भी जल्द ही वर्षा होने की संभावना है।


दिल्ली में हल्की बारिश और धूल भरी आंधी की संभावना

दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। IMD ने दिन में हल्की बारिश होने और धूल भरी आंधी चलने का अनुमान भी जताया है। दिल्ली के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला में बुधवार को अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 79 वर्षों में सबसे अधिक है। दिल्ली में 17 जून 1945 को तापमान 46.7 डिग्री सेल्सियस था।


मौसम विभाग ने आज आंशिक रूप से बादल छाए रहने, लू चलने, धूल भरी आंधी या तूफान आने और तेज हवाओं के साथ बहुत हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। बुधवार शाम को मौसम में अचानक बदलाव आया और शहर के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी हुई।


आज अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। सुबह साढ़े आठ बजे हवा में नमी का स्तर 36 फीसदी था। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 236 दर्ज किया गया जो 'खराब' कैटेगरी में आता है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें