
भोपाल। देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। केरल में देरी से पहुंचने के बावजूद मानसून ने महज 4 दिनों में रफ्तार पकड़ते हुए 12 राज्यों को कवर कर लिया है। दूसरी ओर उत्तर भारत के कई हिस्सों में गर्मी और हीटवेव का खतरा भी बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल सकते हैं—कहीं मूसलाधार बारिश तो कहीं झुलसाने वाली गर्मी।
12 राज्यों तक पहुंचा मानसून
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार रविवार तक मानसून पूरे केरल, कर्नाटक, मणिपुर, मिजोरम और नगालैंड को कवर कर चुका है। रविवार को मानसून ने त्रिपुरा, असम और अरुणाचल प्रदेश में भी दस्तक दे दी। इससे पहले यह आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर के कई राज्यों तक पहुंच चुका था। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले 3 से 4 दिनों में मानसून महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में तेजी से आगे बढ़ सकता है।
मध्य प्रदेश, यूपी और राजस्थान में प्री-मानसूनी एक्टिविटी
मानसून के पहुंचने से पहले मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में प्री-मानसूनी गतिविधियां सक्रिय हैं। राजस्थान के श्रीगंगानगर में बारिश के साथ ओलावृष्टि दर्ज की गई। वहीं मध्य प्रदेश में तेज आंधी के चलते इंदौर-खंडवा हाईवे पर एक ऑटो पलट गया। कई इलाकों में तेज हवाओं और बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी है।
केरल, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर में भारी बारिश की चेतावनी
IMD ने केरल, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में अगले 7 दिनों तक तेज बारिश की संभावना जताई है। विशेष रूप से 8 से 10 जून के बीच कर्नाटक में बहुत भारी बारिश हो सकती है। केरल और लक्षद्वीप में भी कई स्थानों पर तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार कई इलाकों में 7 से 20 मिमी तक वर्षा दर्ज हो सकती है।
दिल्ली में फिर बढ़ेगी गर्मी, 45°C तक पहुंच सकता है पारा
जहां दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर में बारिश का दौर जारी है, वहीं दिल्ली-NCR में मौसम फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से राजधानी में तापमान बढ़ना शुरू होगा और आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। अगले सप्ताह हीटवेव जैसी स्थिति बनने की आशंका जताई गई है। रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 41.6°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6°C अधिक रहा।
राजस्थान में सबसे ज्यादा गर्म श्रीगंगानगर
राजस्थान अभी भी गर्मी की चपेट में है। रविवार को श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.8°C दर्ज किया गया। इसके अलावा फलोदी में 44.4°C, जैसलमेर में 43.9°C, बाड़मेर में 43°C और चूरू में 42.4°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने राजस्थान समेत कई राज्यों में लू का अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर आंधी-बारिश का असर
दिल्ली में रविवार को तेज आंधी और बारिश का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला। रिपोर्ट के अनुसार खराब मौसम के दौरान ग्राउंड सपोर्ट उपकरणों की टक्कर से एयर इंडिया के तीन नैरो बॉडी विमान क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद तीनों विमानों को एहतियातन परिचालन से बाहर कर दिया गया है।
अगले दो दिन कहां कैसा रहेगा मौसम?
9 जून
केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्यों में तेज बारिश। बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में आंधी-तूफान के साथ बारिश। पूर्वी राजस्थान में 30-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना।
10 जून
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 40-60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बारिश। दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश जारी रहने का अनुमान। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

