
नई दिल्ली। देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। केरल में 4 जून को दस्तक देने के बाद मानसून 6 जून तक पांच राज्यों में आगे बढ़ा, लेकिन पिछले 7 दिनों से इसकी प्रगति चेन्नई, हरनाई (महाराष्ट्र) और सिलीगुड़ी (पश्चिम बंगाल) के आसपास थमी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में मानसून के तेजी से आगे बढ़ने की संभावना है।
महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में जल्द पहुंचेगा मानसून
मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून जल्द ही महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के शेष हिस्सों को भी कवर कर लेगा। इससे इन राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है। वहीं गुजरात को छोड़कर देश के लगभग सभी राज्यों में प्री-मानसून की बारिश देखने को मिल रही है।
यूपी से बिहार तक बारिश और आंधी का असर
राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, दिल्ली और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में बारिश दर्ज की गई। बिहार के पटना, बक्सर और सुपौल सहित कई जिलों में सुबह तेज आंधी और बारिश से दिन में ही अंधेरा छा गया। कई जगह लोगों को वाहनों की हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा।
आंधी-बारिश से हादसे भी, कई राज्यों में जनहानि
उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में तेज आंधी के कारण 4.5 करोड़ रुपये की लागत से बने ऑडिटोरियम की छत उड़ गई। वहीं इटावा, सीतापुर और फिरोजाबाद में अलग-अलग हादसों में 3 लोगों की मौत हो गई। पंजाब के मानसा में लोहे का गेट गिरने से 9 वर्षीय बच्चे की जान चली गई। खराब मौसम के कारण दिल्ली से उड़ान भरने वाली 2 फ्लाइटों को जयपुर डायवर्ट करना पड़ा।
आज 22 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
आज 22 राज्यों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और गोवा शामिल हैं। गुजरात को छोड़कर अधिकांश राज्यों में येलो अलर्ट जारी है।
बारिश के बीच भी 8 राज्यों में 40°C से ऊपर तापमान
बारिश के बावजूद उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, पंजाब और हरियाणा के कई शहरों में तापमान 40°C से अधिक दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान पंजाब के भटिंडा में 46.2°C रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा श्रीगंगानगर 45.9°C, महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी 45.5°C, यूपी के बांदा 45.4°C और मध्य प्रदेश के खजुराहो 45°C दर्ज किया गया।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

