शुक्रवार, 24 अप्रैल 2026
Logo
National

नरेंद्र मोदी ने गांधी-अटल की समाधि पर पहुंचकर दी श्रद्धांजलि, शाम 7:15 बजे तीसरी बार पीएम पद की लेंगे शपथ

09 जून, 20240 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
नरेंद्र मोदी ने गांधी-अटल की समाधि पर पहुंचकर दी श्रद्धांजलि, शाम 7:15 बजे तीसरी बार पीएम पद की लेंगे शपथ

नरेंद्र मोदी ने गांधी-अटल की समाधि पर पहुंचकर दी श्रद्धांजलि, शाम 7:15 बजे तीसरी बार पीएम पद की लेंगे शपथ

Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

नई दिल्ली। नरेंद्र मोदी आज शाम 7.15 बजे पीएम पद की शपथ लेंगे। इससे पहले पीएम मोदी रविवार की सुबह सबसे पहले राजघाट पर पहुंच कर बापू को श्रद्धांजलि दी। अटल समाधी जाकर पूर्व पुष्पांजलि अर्पित किया। इसके बाद वार मेमोरियल पहुंचकर देश के वीर शहीदों को नमन किया। पीएम मोदी के साथ 41 कैबिनेट मंत्री शपथ ले सकते हैं।


आज शाम 7.15 बजे राजधानी दिल्ली के रायसीना हिल्स स्थित राष्ट्रपति भवन प्रांगण में भव्य शपथ समारोह का आयोजन होगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू नरेंद्र मोदी और उनके कैबिनेट मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी। शपथ समारोह में नेपाल, बांग्लादेश, श्रीलंका, भूटान, मॉरीशस, सेशेल्स और मालदीव के प्रधानमंत्री/राष्ट्रपति शामिल होंगे। इसके अलावा समाज के अलग-अलग वर्ग के लोग जैसे- कुछ चुनिंदा डॉक्टर, कलाकार, मजदूर, इंजीनियर को भी आमंत्रित किया गया है।


सफाईकर्मी-लोको पायलट समेत 8000 मेहमान रहेंगे मौजूद

शपथ ग्रहण समारोह में 7 विदेशी नेताओं समेत 8,000 से ज्यादा लोग मौजूद रहेंगे। इसमें विभिन्न प्रोफेशन के लोग और सांस्कृतिक कलाकार शामिल हैं। सफाईकर्मियों, ट्रांसजेंडर और नए संसद भवन में काम करने वाले मजदूर भी इस समारोह के साक्षी बनेंगे। देश की पहली महिला लोको पायलट सुरेखा यादव को भी खास तौर पर इस समारोह के लिए आमंत्रित किया गया है। बीते 34 साल से रेलेवे में सेवा दे रहे और वंदे भारत ट्रेन के लोको पायलट एएसपी तिर्की भी इस समारोह में आमंत्रित किए गए हैं।


24 साल में मोदी ने 4 बार सीएम और 2 बार पीएम पद की शपथ ली

नरेंद्र मोदी बीते 24 साल में 4 बार मुख्यमंत्री पद और 2 बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ले चुके है। 2024 में मोदी 7वीं बार शपथ लेंगे। यह पहली बार होगा जब वे चुनाव नतीजे आने के 5 दिनों के अंदर शपथ ग्रहण करेंगे। 2001 में गुजरात का सीएम बनने से लेकर 2019 में दूसरी बार पीएम बनने तक उन्होंने हर बार 6 से 10 दिनों में ही शपथ ग्रहण की है। अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के पुजारी रहे काशी के आचार्य सुनील दीक्षित के मुताबिक शाम 7:15 बजे मोदी के शपथ ग्रहण के समय पुनर्वसु नक्षत्र और वृद्धि योग रहेगा। पुनर्वसु नक्षत्र के स्वामी बृहस्पति हैं, और होरा भी बृहस्पति की है।


दिल्ली सज धज कर तैयार

शपथ ग्रहण समारोह को लेकर दिल्ली को पूरी तरह से सजा दिया गया है। जगह जगह पर नरेंद्र मोदी के पोस्टर बैनर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों में मोदी के केदारनाथ दौरे, अयोध्या मंदिर प्राण प्रतिष्ठा, कन्याकुमारी में विवेकानंद रॉक मेमोरियल के दौरे समेत अलग अलग समय पर किए गए देश के अन्य राज्यों के दौरे और अहम मौकों से जुड़ी तस्वीरों को दिखाया गया है।


पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए

पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। 3 हजार पुलिस जवान, 15 कंपनियां पैरामिलिट्री फोर्स, NSG, SPG और इंटेलिजेंस विंग के अधिकारी तैनात रहेंगे। शाम 5 बजे से मेहमान आना शुरू हो जाएंगे और शाम 7:15 बजे शपथ ग्रहण शुरू होगा। नई दिल्ली की सीमा में आने वाले सभी रास्तों पर कड़ी सुरक्षा होगी। महत्वपूर्ण सड़कों पर अर्धसैनिक बल और दिल्ली पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। 8 जून को दिल्ली पुलिस ने वीवीआईपी रूट की एक डमी काफिला निकाला, जिसमें टाइमिंग की जाँच की गई। विदेशी मेहमानों के ठहरने वाले होटलों में भी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें