
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव में बहुमत हासिल करने के बाद आज दिल्ली में एनडीए के संसदीय बोर्ड की बैठक हुई। इस बैठक में नरेंद्र मोदी को एनडीए संसदीय दल का नेता चुन गया। बीजेपी के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने एनडीए के नेता के तौर पर नरेंद्र मोदी के नाम का प्रस्ताव रखा। अमित शाह, नितिन गडकरी ने राजनाथ सिंह के प्रस्ताव का समर्थन किया।
हम लोग सौभाग्यशाली है
इस दौरान राजनाथ सिंह ने कहा, मैं सभी नवनिर्वाचित सांसदों को बधाई देना चाहता हूं कि आज हम यहां एनडीए का नेता चुनने के लिए आए हैं। मेरा मानना है कि इन सभी पदों के लिए पीएम नरेंद्र मोदी का नाम सबसे उपयुक्त है। उन्होंने कहा कि 1962 के बाद पहली बार कोई नेता तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेगा। हम लोग सौभाग्यशाली हैं कि मोदी जी जैसा प्रधानमंत्री हमें मिलने जा रहा है। मोदी की कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता की वजह से हमारे एनडीए परिवार में भी वृद्धि हुई है।
मजबूरी नहीं, प्रतिबद्धता है ये गठबंधन : राजनाथ सिंह
भाजपा नेता राजनाथ सिंह ने कहा कि, मैं यह स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि ये गठबंधन हमारी मजबूरी नहीं है, बल्कि हमारी प्रतिबद्धता है। पिछले 10 सालों में मोदी के नेतृत्व में देश की दिशा-दशा बदली है। 10 सालों में दुनिया को भी ये मालूम चल चुका है कि भारत विकसित होने के साथ-साथ दुनिया को नेतृत्व भी दे सकता है। उन्होंने कहा कि पीएम ने 10 सालों में जो काम किया है, उसकी तारीफ देश और दुनिया दोनों ही स्तर पर हुई है।
मोदी ने संविधान को सिर झुकाकर किया प्रणाम
इससे पहले एनडीए संसदीय दल की बैठक पहुंचे नरेंद्र मोदी का बैठक में शामिल हुए एनडीए के सभी नेताओं ने अभिनंदन और स्वागत किया। एक बार फिर तीसरे टर्म में जब नरेंद्र मोदी एनडीए संसदीय दल की बैठक के लिए पार्लियामेंट पहुंचे तो उन्होंने संविधान को नमन किया। उन्होंने सिर झुकाकर संविधान को प्रणाम किया। इस दौरान पूरा सेंट्रल हाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

