बुधवार, 27 मई 2026
Logo
National

NEET पेपर लीक केस में CBI का बड़ा एक्शन, दो और आरोपी गिरफ्तार; 5 राज्यों तक फैला नेटवर्क

27 मई, 20260 व्यूज4 मिनट पढ़ाई
NEET पेपर लीक केस में CBI का बड़ा एक्शन, दो और आरोपी गिरफ्तार; 5 राज्यों तक फैला नेटवर्क
Sanju Suryawanshi
डेस्क रिपोर्टर
Sanju Suryawanshi

नई दिल्ली। NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में CBI ने बुधवार को दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच एजेंसी का दावा है कि यह नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ था और अब तक मामले में 13 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। ताजा गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा और बढ़ गया है। CBI अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर कितने छात्रों तक लीक पेपर पहुंचा था और इस पूरे रैकेट में किन-किन लोगों की भूमिका रही।


डॉक्टर और फिजिक्स टीचर गिरफ्तार

CBI के मुताबिक पहले आरोपी की पहचान डॉ. मनोज शिरूरे के रूप में हुई है, जो महाराष्ट्र के लातूर के रहने वाले हैं। जांच एजेंसी का आरोप है कि उन्होंने एक कोचिंग सेंटर मालिक के बेटे समेत तीन छात्रों को आरोपी पीवी कुलकर्णी से केमिस्ट्री का लीक क्वेश्चन पेपर दिलाया था। वहीं दूसरा आरोपी तेजस हर्षदकुमार शाह है, जो पुणे स्थित डॉ. अभंग प्रभु मेडिकल एकेडमी (APMA) में फिजिक्स पढ़ाता है। CBI के अनुसार उसे फिजिक्स के लीक सवाल गिरफ्तार आरोपी मनीषा हवलदार से मिले थे।


5 राज्यों में बिके थे NEET के पेपर

CBI जांच में बड़ा खुलासा हुआ है कि NEET का पेपर कम से कम 5 राज्यों में बेचा गया था। जांच एजेंसी के मुताबिक सबसे ज्यादा नेटवर्क महाराष्ट्र में सक्रिय था, जबकि राजस्थान दूसरे नंबर पर रहा। अधिकारियों का मानना है कि मामला अभी और बड़ा निकल सकता है।


महाराष्ट्र बना पेपर लीक का बड़ा केंद्र

CBI को जांच के दौरान महाराष्ट्र और राजस्थान में पेपर प्रिंट कर बेचने के सबूत मिले हैं। एजेंसी का दावा है कि महाराष्ट्र से ही “क्वेश्चन बैंक” दूसरे राज्यों के छात्रों तक पहुंचाया गया। अब यह जांच की जा रही है कि इस रैकेट में और कितने कोचिंग सेंटर या एजेंट शामिल थे।


पैसों के लेन-देन की जांच तेज

CBI अब उन पेरेंट्स और छात्रों की लिस्ट तैयार कर रही है, जिनके बैंक खातों से आरोपी शिवराज मोटेगांवकर, पीवी कुलकर्णी या उनकी सहयोगी मनीषा वाघमारे के खातों में पैसे ट्रांसफर हुए थे। जांच एजेंसी को शक है कि इस नेटवर्क में NTA के बाहर के कई अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। जल्द ही दूसरे राज्यों में भी छापेमारी की तैयारी है।


49 जगहों पर छापे, कई डिवाइस जब्त

अब तक CBI ने अलग-अलग राज्यों में 49 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया है। इस दौरान कई अहम दस्तावेज, लैपटॉप और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। एजेंसी डिजिटल सबूतों के जरिए पूरे नेटवर्क की कड़ी जोड़ने की कोशिश कर रही है।


फीस रिफंड के लिए 27 मई आखिरी तारीख

इसी बीच NTA ने NEET-UG 2026 उम्मीदवारों के लिए एक विशेष पोर्टल शुरू किया है, जहां छात्र फीस रिफंड के लिए बैंक अकाउंट डिटेल जमा कर सकते हैं। NTA के मुताबिक यह सुविधा 22 मई से 27 मई रात 11:50 बजे तक उपलब्ध रहेगी।


3 मई को हुई थी परीक्षा

NEET-UG 2026 परीक्षा 3 मई को देश के 551 शहरों और विदेश के 14 केंद्रों पर आयोजित हुई थी। इसमें करीब 23 लाख उम्मीदवार शामिल हुए थे। NTA के अनुसार 7 मई को परीक्षा में गड़बड़ी की जानकारी मिली थी। इसके बाद मामला केंद्रीय एजेंसियों को सौंपा गया और 12 मई को परीक्षा रद्द कर री-एग्जाम कराने का फैसला लिया गया।

पाठकों की राय (0)

इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

अपनी प्रतिक्रिया दें