
पटना। बिहार में नीतीश कुमार की अगुवाई में एनडीए सरकार ने सोमवार को विश्वास मत हासिल कर लिया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विश्वास मत के प्रस्ताव के पक्ष में 129 विधायकों ने ध्वनि मत से समर्थन दिया। अगर डिप्टी स्पीकर को भी शामिल कर लिया जाए तो यह संख्या 130 हो रही है। फ्लोर टेस्ट से पहले ही राजद-कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने सदन से वॉकआउट किया। इसके बाद सरकार का समर्थन करने वाले सभी विधायकों की गिनती कराई। फिर डिप्टी स्पीकर ने एनडीए गठबंधन को बहुमत मिलने का ऐलान कर दिया।
सीएम नीतीश ने आरजेडी पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विश्वास मत प्रस्ताव पर जवाब देते हुए कहा कि हमने इन लोगों (राजद) को इज्जत दी और पता चला कि ये लोग तो पैसा कमा रहे हैं। आज तक जब ये पार्टी हमारे साथ थी, हमने कभी भी इधर उधर नहीं किया। राजद अब भी ठीक नहीं कर रही है। हम सभी गड़बड़ियों की जांच कराएंगे कि कहां से इतना पैसा आया। आपको (राजद) को जब भी कोई समस्या हो, आकर मिलिएगा और हम आपकी समस्या का समाधान जरूर करेंगे। अब राज्य के हित में काम होगा। हम तीन लोग साथ आए हैं और साथ रहेंगे। बिहार के विकास के लिए काम करेंगे। समाज के हर तबके का ध्यान रखा जाएगा।
राजद ने नौकरियों के लिए खेत लिखवा लिए
डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने तेजस्वी यादव के सवालों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि हमें पार्टी नेतृत्व से जो जिम्मेदारी मिली उसे पूरी तरह से निभाया है। जो खुद को समाजवादी परिवार कहते हैं, उनका ऐसा चरित्र नहीं होता। समाजवाद का चरित्र ऐसा नहीं होता कि कथनी और करनी अलग-अलग हो। राजद ने वंशवाद को बढ़ावा दिया। कई प्रतिभाशली विधायकों को मौका नहीं मिल पाया। राजद के लोग नौकरियों की बात करते हैं। इन्होंने तो नौकरी देने के लिए लोगों से जमीन तक लिखवा ली। बिहार में जंगलराज की स्थिति पैदा हो गई।
हमें जनता की सेवा करने का मौका मिला
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री ने कई बार कहा कि तेजस्वी यादव आगे रहेगा। अब ऐसा क्या हुआ कि नीतीश कुमार पलट गए। हो सकता है कि इनकी कुछ मजबूरियां रही हों। जैसे राजा दशरथ की मजबूरी थी कि उन्हें राम को वन में भेजना पड़ा। हालांकि, मैं मानता हूं कि हमारा वनवास नहीं हुआ। हमें जनता की सेवा करने का मौका मिला है। मीडिया भी आज आजाद नहीं है। अपनी मर्जी से कुछ लिख नहीं सकता। जो लोग कपूर्री ठाकुर की दुहाई देते थे, अब वे आरएसएस के साथ हो गए। जब जनता बीजेपी विधायकों से पूछेगी कि पहले नीतीश को गाली दे रहे थे और अब उन्हींं के साथ हैं तो क्या जवाब दोगे।
क्या अब सम्राट चौधरी पगड़ी खोलेंगे?
तेजस्वी यादव ने कहा कि सम्राट चौधरी ने पगड़ी बांधी थी और यह कहा था कि नीतीश कुमार को सरकार से हटाने के बाद इसे खोलेंगे। मुझे लगता है कि अब उन्हें हमारे चाचा जी ने पगड़ी खोल लेने के लिए कहा होगा। नीतीश कुमार के पलटने के बारे में जब बिहार के बच्चों से भी पूछेंगे तो ऐसी बात कहेंगे की शर्म आ जाएगी। जीतन राम मांझी को देखते हुए कहा कि जब नीतीश कुमार नाराज होते थे तो जीतन राम मांझी कहते थे कि पता नहीं कौन नीतीश जी को क्या खिला देता है। आप अपने बगल के कमरे में रखकर उनको दवा दीजिए।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

