
नोएडा। जेवर एयरपोर्ट से करीब 500 मीटर दूर बुधवार रात स्लीपर AC बस आग की चपेट में आ गई। हादसे में 9 यात्रियों की जिंदा जलने से मौत हुई, जबकि कई लोगों ने खिड़कियां तोड़कर बाहर निकलकर जान बचाई।
बस में कुल 35 यात्री सवार थे। रेस्क्यू टीम ने 20 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। मृतकों में 8 पुरुष और 1 महिला शामिल हैं। शव इतनी बुरी तरह जल गए हैं कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है।
इंजन में आग लगने की शुरुआती जांच में सामने आई यह वजह
हादसा बुधवार रात करीब 11:30 बजे यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुआ। बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से रात 9:30 बजे महोबा के लिए रवाना हुई थी। CFO प्रदीप कुमार के मुताबिक शुरुआती जांच में AC में स्पार्क या ब्लास्ट होने के बाद इंजन में आग लगने की बात सामने आई है।
दो घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
आग की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की 5 गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। बस का पिछला हिस्सा काटकर फायरकर्मियों ने अंदर प्रवेश किया। इसके बाद एक-एक कर शवों को बाहर निकाला गया। पूरा रेस्क्यू ऑपरेशन करीब 2 घंटे तक चला।
खिड़कियां तोड़कर बाहर निकले यात्री
आग तेजी से फैलने के कारण पूरी बस जल गई। कुछ यात्रियों ने शीशे तोड़कर बस से छलांग लगाई और अपनी जान बचाई। यात्री रिंकी राजपूत के अनुसार हादसे के समय अधिकांश लोग सो रहे थे। नींद खुलने पर उन्हें बस में चीख-पुकार और धुआं दिखाई दिया। उन्होंने कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि कई यात्री बस के भीतर फंसे रह गए।
यात्री ने धूम्रपान को लेकर लगाए गंभीर आरोप
FIR में यात्री सुनील कुमार ने बताया कि बस के अंदर जलने जैसी गंध महसूस हो रही थी। उनके अनुसार ड्राइवर और क्लीनर उस दौरान धूम्रपान कर रहे थे।
सुनील कुमार का कहना है कि यात्रियों ने धूम्रपान करने से रोका तो दोनों हंसने लगे। कुछ समय बाद बस में आग लग गई। आरोप है कि आग लगने के बाद भी चालक ने तत्काल बस नहीं रोकी। यात्रियों द्वारा शीशे तोड़े जाने के बाद बस रुकी।
बस पर पहले से दर्ज थे 19 चालान
पुलिस के मुताबिक बस के खिलाफ अब तक 19 चालान किए जा चुके हैं। इन मामलों में कुल ₹1,75,500 का जुर्माना लगाया गया था। चालानों में यात्रियों के साथ माल ढोने का मामला भी शामिल है। इसके अलावा बिना लाइसेंस और परमिट से जुड़े चालान भी दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार बस का पहला चालान 2024 में हुआ था और अब तक जुर्माने की रकम जमा नहीं की गई है।
ड्राइवर और कंडक्टर गिरफ्तार
हादसे के बाद पुलिस ने बस चालक पवन और कंडक्टर योगेश को गिरफ्तार कर लिया है। बस राज कल्पना ट्रैवल्स, मध्य प्रदेश की बताई गई है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

