
नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव का असर अब भारत के घर-घर तक पहुंचने लगा है। रसोई गैस की किल्लत के बीच सरकार ने बड़ा कदम उठाया है—अब पेट्रोल पंपों पर भी केरोसिन मिलेगा। यह फैसला आम लोगों के लिए राहत लेकर आया है, लेकिन इसके पीछे छिपी चिंता भी कम नहीं है।
पेट्रोल पंप पर मिलेगा केरोसिन, सरकार का इमरजेंसी प्लान
एलपीजी की कमी से जूझ रहे लोगों को राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने नया रास्ता निकाला है। अब राशन दुकानों के अलावा पेट्रोल पंपों पर भी केरोसिन उपलब्ध कराया जाएगा। पेट्रोलियम मंत्रालय के आदेश के अनुसार, Indian Oil, BPCL और HPCL जैसी कंपनियां सीधे आम जनता को केरोसिन बेचेंगी। यह फैसला तेजी से बढ़ती मांग और घटती सप्लाई को संतुलित करने के लिए लिया गया है, जिससे हालात और बिगड़ने से रोके जा सकें।
हर जिले में तय होंगे पेट्रोल पंप, तय लिमिट में मिलेगा तेल
सरकार ने साफ किया है कि यह व्यवस्था पूरे देश में चरणबद्ध तरीके से लागू होगी। 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के हर जिले में कम से कम 2 पेट्रोल पंप चुने जाएंगे। इन पंपों पर अधिकतम 5,000 लीटर केरोसिन स्टोर किया जा सकेगा, ताकि जरूरतमंद लोगों को तुरंत राहत मिल सके। इससे लंबी कतारों और कालाबाजारी पर भी कुछ हद तक रोक लगने की उम्मीद है।
60 दिन के लिए लागू, हालात पर निर्भर आगे का फैसला
यह नियम स्थायी नहीं है। सरकार ने इसे फिलहाल 60 दिनों के लिए अस्थायी व्यवस्था के तौर पर लागू किया है। अगर स्थिति सुधरती है और एलपीजी सप्लाई सामान्य होती है, तो इसे तुरंत वापस लिया जा सकता है। लेकिन अगर संकट बना रहा, तो इस अवधि को बढ़ाने या और सख्त कदम उठाने की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

