
नई दिल्ली। मंगलवार (2 जुलाई) को 18वीं लोकसभा के विशेष सत्र का सातवां दिन है। संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा सोमवार को शुरू हुई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव को लेकर लोकसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा कि वे राष्ट्रपति के भाषण के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए सदन में उपस्थित हुए हैं।
देश की जनता ने कांग्रेस को विपक्ष में बैठने का जनादेश दिया
पीएम मोदी ने कहा कि 2024 के चुनाव में कांग्रेस के लिए भी इस देश की जनता ने जनादेश दिया है। इस देश का जनादेश है कि विपक्ष में ही बैठे और तर्क खत्म हो जाए तो चीखते और चिल्लाते रहे। कांग्रेस के इतिहास का यह पहला मौका है जब लगातार तीन बार कांग्रेस 100 का आंकड़ा पार नहीं कर पाई है। कांग्रेस के इतिहास में यह तीसरी सबसे बड़ी हार है। तीसरा सबसे खराब प्रदर्शन है। अच्छा होता कि कांग्रेस अपनी हार स्वीकार करती और जनता जनार्दन के आदेश को स्वीकार करती, आत्ममंथन करती लेकिन यह तो शीर्षाषन करने में लगी है।
केरल, पंजाब से अभूतपूर्व आशीर्वाद मिला
पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी ने केरला में इस बार खाता खोला है और बड़े गर्व के साथ केरल के हमारे सांसद हमारे साथ बैठते हैं। तमिलनाडु में कई सीटों पर बीजेपी ने दमदार उपस्थिति दर्ज कराई है। कर्नाटक, यूपी और राजस्थान में पिछली बार की तुलना में बीजेपी का वोट शेयर बढ़ा है। आने वाले समय में तीन राज्यों में चुनाव है। महाराष्ट्र, हरियाणा और झारखंड में चुनाव में आ रहे हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में इन तीन राज्यों में हमें जितना वोट मिला है उससे ज्यादा हमें इस लोकसभा चुनाव में मिला है। पंजाब में भी हमें अभूतपूर्व आशीर्वाद मिला है।
एनडीए का तीसरी बार सरकार में आना ऐतिहासिक
पीएम मोदी ने कहा कि एनडीए का तीसरी बार सरकार में आना एक ऐतिहासिक घटना है। आजादी के बाद यह सौभाग्य दूसरी बार इस देश में आया है और 60 साल के बाद आया है। इसका मतलब है सिद्धि पाना कितनी कठोर मेहनत के बाद होता है, ऐसे ही राजनीति के खेल से नहीं होता है बल्कि जनता जनार्दन से प्राप्त् आशीर्वाद से होता है। जनता ने हमें स्थिरता और निरंतरता के लिए जनादेश दिया है।
एनडीए को अभूतपूर्व सफलता मिली
पीएम मोदी ने कहा कि लोकसभा चुनाव के साथ साथ हमारे देश में चार राज्यों के भी चुनाव हुए। इन चारों ही राज्यों में एनडीए ने अभूतपूर्व सफलता प्राप्त की है। हमने शानदार विजय प्राप्त की है। महाप्रभु जगन्नाथ की धरती ओडिशा ने हमें भरपूर आशीर्वाद दिया है। आंध्र प्रदेश में एनडीए ने क्लीन स्वीप किया है। सूक्ष्म दर्शी यंत्र में भी ये नजर आते हैं। अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में भी सरकार बनाई है। राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में हमने प्रचंड विजय पाया है। हमें नए नए क्षेत्रों में जनता का प्यार और आशीर्वाद मिल रहा है।
भारत की इकोनॉमी जल्द तीसरे नंबर पर होगी
पीएम मोदी ने कहा कि हम हर सफलता को नेक्स्ट लेवल पर ले जाएंगे। दस साल में हम भारत की इकोनॉमी को 10 नंबर से पांच नंबर पर ले गए हैं। अब हम नेक्स्ट लेवल पर निकले हैं और भारत की इकोनॉमी को तीसरे नंबर पर ले जाएंगे। हमने बीते 10 साल में भारत को मोबाइल फोन का बड़ा मैनुफैक्चर और एक्सपोर्टर बना दिया। अब हम यही काम सेमीकंडक्टर और अन्य सेक्टर में करने जा रहे हैं। जो चिप्स दुनिया के डिवाइसों में इस्तेमाल होगा वह भारत में तैयार होगा।
पीएम आवास के तहत 3 करोड़ घर बनाएंगे
पीएम मोदी ने कहा कि हम 40 करोड़ लोगों के लिए घर बना चुके हैं। आने वाले समय में हम 3 करोड़ घर बनाकर यह देखेंगे कि कोई बिना घर के नहीं रहे। हमने बीते दस साल में बड़ी संख्या में महिलाओं को रोजगार दिया है। अब हम विमेन सेल्फ ग्रुप में काम करने वाली महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करना चाहते हैं। अब हम तीन करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। हम अपनी तीसरी टर्म में हम तीन गुना स्पीड से काम करेंगे। हम तीन गुना शक्ति लगाएंगे। हमार देश वासियों को तीन गुना परिणाम लाकर देंगे।
भारत का लक्ष्य बहुत विराट है
PM मोदी ने कहा कि जो आजादी के समय लोगों में विश्वास था कि आजादी लेकर रहेंगे, ठीक उसी प्रकार का विश्वास आज देश के लोगों में विकसित भारत को लेकर पैदा हो चुका है। जो ललक भारत की आजादी में थी वही ललक आज विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने को लेकर है। आज भारत का लक्ष्य बहुत विराट है। आज हम स्थिति में पहुंचे जहां हमें खुद से प्रतिस्पर्धा करनी है। हमें अपना रिकॉर्ड खुद ही तोड़ना है। पिछले दस साल में हमने जो स्पीड पकड़ी है, अब हमारा मुकाबला उसी स्पीड को और ज्यादा स्पीड में ले जाने का है।
आर्टिकल 370 हटने से कश्मीर में आई खुशियां
PM मोदी ने कहा कि आर्टिकल 370 की पूजा करने वाले लोगों ने जम्मू कश्मीर के लोगों के अधिकार छीन लिए थे। भारत का संविधान जम्मू कश्मीर तक नहीं पहुंच सकता था। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर का अपमान किया जाता था। उस समय सेना पर पत्थर चलते थे। उस समय लोग कहते थे कि जम्मू कश्मीर में कुछ नहीं हो सकता। आज आर्टिकल 370 की दीवार गिरी, पत्थरबाजी बंद है। लोकतंत्र मजबूत है और लोग भारत के तिरंगे और लोकतंत्र पर भरोसा करते हुए बढ़ चढ़ कर मतदान करने के लिए आ रहे हैं यह साफ दिखाई पड़ता है। 140 करोड़ लोगों में विश्वास पैदा हुआ है। जब विश्वास मजबूत होता है तो वह विकास का ड्राइविंग फोर्स बन जाता है। यह विश्वास विकसित भारत और संकल्प से सिद्धि का विश्वास है।
आतंकी हमलों से भारत को मिली निजात
PM मोदी ने कहा कि एक समय था जब आतंकी आते थे और हमला करते थे। हिंदुस्तान के कोने-कोने को टारगेट किया जाता था। सरकार चुपचाप बैठे रहती थी। मुंह तक खोलने को तैयार नहीं था। आज 2014 के बाद का भारत घर में घुसकर मारता है। सर्जिकल स्ट्राइक करता है, एयर स्ट्राइक करता है और आतंक के आकाओं को भी औकात दिखा दिया है। देश का बच्चा बच्चा जानता है कि भारत अपनी सुरक्षा के लिए कुछ भी कर सकता है।
2014 के बाद नीतियों में परिवर्तन से बदलाव संभव
पीएम मोदी ने आगे कहा कि सबसे पहले हमने 5G लाया। जब 5G आया तो लोग कहने लगे कि देश में कुछ भी हो सकता है। वह एक समय था जब बड़े बड़े लोगों के हाथ कोयले में काले हो गए थे। आज कोयले के उत्पादन में बढोतरी हुई है और देश के लोग कहने लगे हैं कि देश में कुछ भी हो सकता था। 2014 से पहले बैंकिंग घोटाले हो रहे थे। 2014 के बाद नीतियों में परिवर्तन का परिणाम है कि दुनिया के अच्छे बैंकों में आज भारत के बैंकों का स्थान बन गया। आज भारत के बैंक दुनिया के अच्छे बैंकों में शुमार हो गया।
देश के परिवर्तित युग की शुरुआत
पीएम मोदी ने आगे कहा कि उस समय लोगों को हक का राशन नहीं मिलता था। उसके लिए भी रिश्वत देनी पड़ती थी। हमारे भारतीय भाई-बहन अपने नसीब को दोष देकर जिंदगी काटने के लिए मजबूर हो जाया करते थे। उस समय देश के लोगों ने हमें सेवा के लिए चुना था और इसके बाद देश के परिवर्तित युग की शुरुआत हो चुकी थी।
इसके बाद हमारी सरकार ने कई काम किए हैं। हमारे कार्यकाल में देश निराशा की गर्त से निकलकर आशा और विश्वास के साथ खड़े हो गए। धीरे धीरे देश के मन में स्थिर हो गया कि जो 2014 से पहले कहते थे कि देश में कुछ नहीं हो सकता वे कहने लगे कि देश में सब कुछ हो सकता है, देश में सब कुछ संभव है।
2014 से पहले घोटालों का कालखंड था
पीएम मोदी ने कहा कि देश में 2014 से पहले देश के लोगों का आत्मविश्वास कमजोर हो गया था। उस समय में सामान्य मानवी के मुंह से यही निकलता था कि देश का कुछ नहीं हो सकता। उस समय देश में यही शब्द सुनाई देते थे। भारतीयों की हताशा के ये सात शब्द पहचान बन गए थे। उस समय आए दिन अखबार खोलते ही घोटालें की खबरें पढ़ने को मिलती थी। सैंकड़ों करोड़ रुपए के घोटाले और इन घोटालेबाज लोगों के घोटालों का कालखंड था और बेशर्मी से स्वीकार भी कर लिया जाता था कि देश में 100 पैसे निकलते हैं तो 15 रुपए पहुंचता था। उस समय भाई भतीजावाद इतना फैला था कि आम आदमी यह विश्वास छोड़ चुका था कि कोई सिफारिश करने वाला नहीं हो तो जिंदगी अटक जाएगी। गैस के सिलेंडर के लिए सांसदों के यहां अच्छे अच्छों को चक्कर काटने पड़ते थे।
2047 तक विकसित बनाने के लिए चौबीसों घंटे करेंगे काम
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैं आज आपके माध्यम से देशवासियों को विश्वास दिलाता हूं कि विकसित भारत के जिस संकल्प को लेकर हम चले हैं, उस संकल्प की पूर्ति का हम भरसक प्रयास करेंगे। पूरी निष्ठा और विश्वास के साथ करेंगे। हमारे देश का कण कण हम देश को विकसित भारत बनाने के संकल्प में लगाएंगे। हमने देश के नागरिकों को कहा था हम देश को 2047 तक विकसित बनाने के लिए चौबीसों घंटे काम करेंगे। आज हम इस बात को दोहरा रहे हैं।
गांवों और शहरों की स्थिति में विकसित भारत से होगा सुधार
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आजादी के बाद हमारे देश के सामान्य नागरिक इन चीजों के लिए तरसता रहा है। जब विकसित भारत होता है तो हमारे गांवों और शहरों की स्थिति में बहुत सुधार होता है। गांव के जीवन में गौरव भी होता है और विकास का अवसर होता है। दुनिया के विकास में भारत के शहर भी भागीदारी करेंगे यह हमारा सपना है। विकसित भारत का मतलब है कि कोटी कोटि नागरिकों को कोटि अवसर प्राप्त होता है।
तीसरी बार देश की जनता के सामने सेवा करने का मौका
पीएम मोदी ने कहा कि दस साल के हमारे कार्य को देखने परखने के बाद देश की जनता ने हमें समर्थन दिया है। हमें एक बार फिर से 140 करोड़ देशवासियों की सेवा करने का मौका मिला है। इस चुनाव ने इस बात को सिद्ध किया है कि भारत की जनता कितनी परिपक्व है। भारत की जनता कितने विवेकपूर्ण ढंग से अपने बुद्धि का उपयोग करती है। इसका ही नतीजा है कि आज हम तीसरी बार आपके सामने और देश की जनता के सामने सेवा करने के लिए उपस्थित हुए हैं।
देश की जनता को हमारी नीयत पर भरोसा
पीएम मोदी ने कहा कि देश की जनता ने हमारी नीतियों को देखा है, हमारी नीयत पर भरोसा किया है। इस चुनाव में हम जनता के बीच एक बड़े संकल्प के साथ आशीर्वाद मांगने गए थे। हमने विकसित भारत के हमारे संकल्प के लिए आशीवार्दद मांगा था। हमने विकसित भारत के संकल्प के साथ जनकल्याण के इरादे के साथ जनता के बीच गए थे। जनता ने हमारे विकसित भारत के संकल्प में चार चांद लगाकर देश की सेवा करने का मौका दिया है। देश जब विकसित होता है तो कोटि कोटि लोगों का संकल्प पूरा होता है। जब देश मजबूत होता है तो आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक मजबूत नींव तैयार हो जाती है।
तुष्टिकरण नहीं संतुष्टिकरण के विचार को बढ़ाया
पीएम मोदी ने कहा कि देश ने लंबे समय तक तुष्टिकरण की राजनीति भी देखी और हमने तुष्टिकरण नहीं संतुष्टिकरण के विचार को लेकर चले हैं। जब हम संतुष्टिकरण की बात करते हैं तो इसका मतलब है कि हर योजना का सैचुरेशन हर नागरिक तक पहुंचे। जब हम सैचुरेशन के सिद्धांत को लेकर चलते हैं तो सैचुरेशन सच्चे अर्थ में सामाजिक न्याय और सेकुलेरिज्म होता है और तीसरी बार हमें सरकार में लाकर देश ने इसे साबित कर दिया है।
देश को करप्शन ने दीमक की तरह खोखला कर दिया
पीएम मोदी ने कहा कि जब 2014 में जब हम जीत के आए थे तो हमने कहा था कि करप्शन के प्रति हमारा जीरो टॉलरेंस रहेगा। आज जो देश का समाज मानवी करप्श्न से पीड़ित है, करप्शन ने देश को दीमक की तरह खोखला कर दिया है। भ्रष्टाचार के प्रति जो हमारी नीति है देश की जनता ने उसके लिए हमें आशीर्वाद दिया है। आज दुनिया भर में भारत की साख बढ़ा है। आज दुनिया भर में भारत को गौरवपूर्ण ढंग से देखा जा रहा है। यह हर एक भारतीय अनुभव कर रहा है। हमारी नेशन फर्स्ट की नीति रही है। हम भारत प्रथम की नीति के साथ देश में जो आवश्यक रिफॉर्म थे उसे लगातार जारी रखा है।
दस साल से देश की सेवा करने का प्रयास जारी
पीएम मोदी ने कहा कि दस वर्ष में हमारी सरकार सबका साथ और सबका विकास का मंत्र को लेकर देश के सभी लोगों के कल्याण का प्रयास करती रही है। हम उन सिद्धांतों पर समर्पित हैं, जिसमें भारत के स्पिरिट के मुताबिक सर्वधर्म समभाव की भावना को रखते हुए देश की सेवा करने का प्रयास किया है।
मैं कुछ लोगों की पीड़ा समझ सकता हूं- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा 'मैं कुछ लोगों की पीड़ा समझ सकता हूं क्योंकि लगातार झूठ का प्रसार करने के बाद भी उनकी घोर पराजय हुई।' प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि देश की जनता ने तीसरी बार हमें सेवा करने का अवसर दिया है। देश की जनता की भारतीय जनता पार्टी के 10 वर्ष के ट्रैक रिकॉर्ड को देखा। जनता ने देखा है कि गरीबों के कल्याण के लिए हमने जिस समर्पण भाव से जनसेवा ही प्रभु सेवा इस मंत्र को चरितार्थ करते हुए हमने जो कार्य किया है उसके कारण दस साल में 25 करोड़ गरीब गरीबी से बाहर निकले हैं। देश की आजादी के कालखंड में इतने कम समय में इतने लोगों को गरीबी से बाहर निकालने का ये यह सफल प्रयास इस चुनाव में हमारे सफल होने का कारण बना है।
दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव अभियान
पीएम मोदी ने कहा कि कल और आज कई माननीय सदस्यों ने राष्ट्रपति जी के अभिभाषण पर अपने विचार प्रकट किए हैं। पहली बार जो सांसद बनकर आए हैं और उनमें से जो कुछ आदरणीय सांसदों ने जो सदन के नियमों का पालन करते हुए अपने विचार प्रकट किए। उनका व्यवहार ऐसा था जैसा किसी अनुभवी सांसद का होता है। प्रथम बार आने के बाद भी उन्होंने सदन की गरिमा को बढ़ाया है। उन्होंने अपने विचारों से इस डिबेट को और अधिक मूल्यवान बनाया है। देश ने एक सफल चुनाव अभियान को पार करते हुए विश्व को दिखा दिया है कि यह दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव अभियान था।
राष्ट्रपति जी का हृदय से आभार-पीएम मोदी
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम को लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण प्रस्ताव पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के लिए आमंत्रित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आदरणीय सभापति जी मैं राष्ट्रपति जी के अभिभाषण पर आभार प्रकट करने के लिए उपस्थित हुआ हूं। हमारे आदरणीय राष्ट्रपति जी ने विकसित भारत के संकल्प को अपने प्रवचन में विस्तार दिया है। आदरणीय राष्ट्रपति महोदया ने अहम विषय उठाए हैं। आदरणीय राष्ट्रपतिजी ने हम सबका और देश का मागर्दशन किया है। इसके लिए मैं राष्ट्रपति जी का हृदय से आभार प्रकट करता हूं।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

