
लखनऊ। 22 जनवरी को होने वाले प्रभु रामलला के नए मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा से पहले पीएम नरेंद्र मोदी अयोध्या पहुंचे और अयोध्या को करोड़ों की सौगात दी। पीएम मोदी का करीब 15 किलोमीटर लंबा रोड शो हुआ।
पीएम के रोड शो के दौरान भारी संख्या में जुटे लोगों ने जय श्रीराम और मोदी- मोदी के नारे लगाए। पीएम नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अयोध्या पहुंचकर अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन का उद्घाटन किया। इसके बाद पीएम अमृत भारत ट्रेन में पहुंचे, और स्लीपर, जनरल क्लास की इस ट्रेन को उन्होंने अंदर से देखा। इसमें सवार छात्रों और जनकपुरी से आए लोगां से बातचीत की।
अमृत भारत ट्रेन दरभंगा से अयोध्या होते हुए आनंद विहार टर्मिनल के लिए चलेगी। देश में पहली बार अमृत भारत ट्रेन का शुभारंभ हो रहा है। यह हाई स्पीड ट्रेन होगी, जिसमें जन सामान्य के लोग यात्रा कर सकेंगे। पीएम नरेंद्र मोदी ने अयोध्या स्टेशन पर हुए तमाम विकास योजनाओं का निरीक्षण किया। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उन्हें विकास योजनाओं के बारे में बताया। इस दौरान यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक समेत कई नेता मौजूद रहे। रेलवे स्टेशन के उद्घाटन के दौरान राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, सीएम योगी आदित्यनाथ, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव समेत तमाम नेताओं की मौजूदगी रही।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

