
विवेकानंद रॉक मेमोरियल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की जा रही ध्यान साधना खत्म हो गई है। आज सुबह सूर्योदय के समय ‘सूर्य अर्घ्य’ देने के बाद पीएम मोदी ने तीसरे और अंतिम दिन अपनी ध्यान साधना शुरू की थी और दोपहर को समाप्त किया।
‘सूर्य अर्घ्य’ आध्यात्मिक अभ्यास से जुड़ी एक परंपरा है, जिसमें भगवान सूर्य को जल अर्पित कर उन्हें नमन किया जाता है। प्रधानमंत्री ने एक लोटे से समुद्र में सूर्य को जल अर्पित किया और माला जपी। मोदी भगवा वस्त्र पहने हुए थे और उन्होंने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि भी अर्पित की। वह अपने हाथों में ‘जाप माला’ लेकर मंडपम के चारों ओर चक्कर लगाते दिखे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 मई को 7वें और आखिरी चरण के चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद कन्याकुमारी दौरे पर गए थे। कन्याकुमारी रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने पंजाब में चुनावी सभा को संबोधित किया था। मालूम हो पीएम मोदी ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए 16 मार्च को चुनाव कार्यक्रम की घोषणा किए जाने के बाद से कुल 206 जनसभाएं और रोड शो किए। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लोकसभा 2024 के चुनाव प्रचार के दौरान कुल 101 चुनावी कार्यक्रमों को संबोधित किया, जिसमें 94 रैलियां और 7 रोड शो शामिल थे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

