
अंबाला। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अंबाला लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया के पक्ष में चुनावी सभा करने शनिवार को अंबाला आएंगे। प्रधानमंत्री बनने के बाद वह पहली बार आ रहे हैं। अंबाला से देश के कई प्रधानमंत्रियों का सीधा जुड़ाव रहा है। कांग्रेस की बात करें तो गांधी परिवार से पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को छोड़कर प्रधानमंत्री और उनकी संतानें अंबाला में आ चुके हैं।
हालांकि भाजपा सरकार के किसी भी कार्यकाल में पहला प्रधानमंत्री अंबाला में आएगा। इससे पहले कांग्रेस सरकार में ही वर्ष 2005 में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, तत्कालीन यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी के साथ अंबाला पहुंचे थे। उस समय उन्होंने छावनी के गांधी ग्राउंड में चुनावी जनसभा को संबोधित किया था। विधानसभा चुनाव में डीके बंसल के लिए वोट डालने का आह्वान किया था। इसके बाद से अब तक कोई प्रधानमंत्री अंबाला नहीं आया था।
लिहाजा अब 19 साल बाद किसी भी सरकार में पहले प्रधानमंत्री अंबाला आ रहे हैं। हालांकि प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेन्द्र मोदी अंबाला जरूर आए हैं लेकिन एयरफोर्स स्टेशन के अलावा वह अंबाला में नहीं घूमे न ही सार्वजनिक कार्यक्रम में शिरकत की। पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी वाजपेयी भी अंबाला आए लेकिन प्रधानमंत्री बनने से पहले।
अंबाला से जुड़ी हैं मोदी की पुरानी यादें
प्रधानमंत्री बनने के बाद से अब तक नरेन्द्र मोदी अंबाला में किसी चुनावी या साधारण कार्यक्रम में अंबाला नहीं आए, लेकिन इसके बावजूद उनका अंबाला से गहरा नाता रहा है। नरेंद्र मोदी न केवल अंबाला में आते रहते थे, बल्कि अंबाला में कई-कई दिनों का उनका प्रवास भी होता था। वर्ष 1996 में जब 13 दिन की भाजपा सरकार बनी तो भी नरेंद्र मोदी अंबाला में आए थे। इतना ही नहीं वर्ष 2000 में विधानसभा चुनाव के दौरान नरेंद्र मोदी आए थे। इस दौरान वह छावनी के रुक्मिणी देवी हाल में पहुंचे थे।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

