
नई दिल्ली। देशभर में भीषण गर्मी के बीच अब मौसम राहत के संकेत दे रहा है। मौसम एजेंसियों के अनुसार 29 मई से 5 जून के बीच भारत के करीब 80-90% हिस्से में प्री-मानसून बारिश देखने को मिल सकती है। यह बदलाव इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि अभी तक दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल नहीं पहुंचा है। मौसम विभाग ने पहले इसके 26 मई तक पहुंचने का अनुमान जताया था।
केरल में मानसून क्यों रुका?
मानसून केरल पहुंचने के लिए राज्य के तय 14 मौसम स्टेशनों पर लगातार दो दिन तक कम से कम 2.5 mm बारिश जरूरी होती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक दक्षिण-मध्य अरब सागर में बने चक्रवाती सर्कुलेशन की वजह से बादल कमजोर हुए हैं। हालांकि मौसम वैज्ञानिक मान रहे हैं कि अगले 2-3 दिनों में मानसून आगे बढ़ सकता है।
ECMWF ने जारी किया 15 दिन का बारिश मॉडल
यूरोपियन मौसम एजेंसी ECMWF ने भारत के लिए अगले 15 दिनों का वर्षा पूर्वानुमान जारी किया है। यह एजेंसी सैटेलाइट, समुद्री और वायुमंडलीय डेटा के आधार पर मौसम का विश्लेषण करती है। एजेंसी के मुताबिक अगले 8 दिनों में दक्षिण भारत, पूर्वोत्तर, पूर्वी भारत और बंगाल की खाड़ी से जुड़े इलाकों में ज्यादा बारिश के संकेत हैं। इससे कई राज्यों में तापमान गिर सकता है।
बांदा लगातार नौवें दिन देश का सबसे गर्म शहर
दूसरी तरफ उत्तर भारत और मध्य भारत अभी भी भीषण गर्मी की चपेट में हैं। मंगलवार को उत्तर प्रदेश का बांदा एक बार फिर देश का सबसे गर्म शहर रहा। यहां अधिकतम तापमान 47.4°C दर्ज किया गया। यह लगातार नौवां दिन था जब बांदा में तापमान 47°C के पार पहुंचा। यूपी के उरई, झांसी, प्रयागराज, आगरा और हमीरपुर में भी तापमान 45°C से ज्यादा रिकॉर्ड हुआ।
राजस्थान और महाराष्ट्र में भी आग उगल रही गर्मी
राजस्थान का श्रीगंगानगर 47°C तापमान के साथ देश का दूसरा सबसे गर्म शहर रहा। बीकानेर और फलोदी में भी पारा 46°C तक पहुंच गया। महाराष्ट्र में ब्रह्मपुरी 46.6°C के साथ सबसे गर्म इलाकों में शामिल रहा। चंद्रपुर, वर्धा, नागपुर और गोंदिया में भी तापमान 45°C के ऊपर रिकॉर्ड किया गया।
दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में भी गर्मी का असर
दिल्ली में अधिकतम तापमान 43.5°C दर्ज हुआ, जो सामान्य से 3.1°C ज्यादा था। हरियाणा के सिरसा में 46°C, रोहतक में 45.6°C और पंजाब के बठिंडा में 45.8°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने इन इलाकों में हीटवेव जारी रहने की चेतावनी दी है।
28 मई: कई राज्यों में हीटवेव और तूफान का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक 28 मई को छत्तीसगढ़, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, ओडिशा, पंजाब, तेलंगाना और यूपी में हीटवेव का असर रह सकता है। वहीं हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब और दिल्ली-एनसीआर में आंधी, तेज हवाओं और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है। कई राज्यों में 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
29 मई से तापमान में गिरावट के आसार
29 मई से उत्तर भारत और मध्य भारत के कई हिस्सों में गर्मी से राहत मिलने की संभावना जताई गई है। हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, यूपी और मध्य भारत के कई इलाकों में तापमान 3°C से 7°C तक गिर सकता है। वहीं बिहार, पश्चिम बंगाल और यूपी समेत कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
पाठकों की राय (0)
इस खबर पर अभी कोई कमेंट नहीं है। पहले आप लिखें!

